वैष्णव बैरागी कॉलोनी में शिव पंचायत की प्राण प्रतिष्ठा
सैलाना। स्थानीय वैष्णव बैरागी कॉलोनी में गुरुवार को शुभ मुहूर्त में कॉलोनी के सकल महिला मंडल के तत्वावधान में नवनिर्माणाधीन शीतला माता मंदिर में शिव पंचायत की प्राण प्रतिष्ठा विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हुई। आचार्य पंडित जितेंद्र नागर ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन-अर्चन कर प्रतिमाओं की प्राण प्रतिष्ठा कराई।
पंडित नागर ने बताया कि प्रातः शुभ मुहूर्त में शिव पंचायत की प्राण प्रतिष्ठा के लिए पूजा-अर्चना प्रारंभ हुई। इस दौरान सात यजमानों ने यज्ञ में आहुतियां दीं। दोपहर बाद मंदिर परिसर में विधि-विधान से भगवान शिव, मां दुर्गा, सूर्यनारायण, भगवान विष्णु एवं भगवान गणेश की प्रतिमाएं स्थापित की गईं। प्रतिमाओं की स्थापना के लिए पूर्व में बोली लगाई गई थी। शिव पंचायत की प्रतिमाओं की प्राण प्रतिष्ठा समाजसेवी निलेश गोलेछा द्वारा कराई गई।
कार्यक्रम के अंत में महाआरती की गई तथा श्रद्धालुओं को प्रसादी वितरित की गई।
कार्यक्रम में पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष एवं भाजपा जिला उपाध्यक्ष क्रांति जोशी, नगर परिषद उपाध्यक्ष सुनीता पाठक, लक्ष्मीकांत शर्मा, भेरूलाल बलसोरा, सुरेश सोलंकी सहित बड़ी संख्या में कॉलोनीवासी एवं धर्मालुजन उपस्थित रहे।

Post a Comment
0 Comments