सांवलिया सेठ जाने वाले पदयात्रियों पर पांच बुलडोजर से बरसाए फूल।
सैलाना/बोदीना। ग्राम के चारभुजा मंदिर से सनातन धर्म एवं परंपरा के अनुसार साधु-संतों के सानिध्य में राजस्थान के मंडफिया स्थित सांवलिया सेठ धाम के लिए छह दिवसीय पदयात्रा मंगलवार को प्रारंभ हुई।
पदयात्रा के शुभारंभ अवसर पर चारभुजा मंदिर में सांवलिया सेठ के रथ का विधिवत पूजन एवं आरती की गई। इसके बाद पदयात्री धाम के लिए रवाना हुए। गांव के प्रमुख मार्गों एवं चौराहों पर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर पदयात्रियों का जोरदार स्वागत किया। बस स्टैंड चौराहे पर पांच बुलडोजरों से करीब 150 किलो फूलों की वर्षा कर पदयात्रियों का भव्य स्वागत किया गया।
यात्रा के दौरान सांवलिया सेठ भक्त मंडल की ओर से साधु-संतों का सम्मान किया गया। आशापुरा माताजी नौगांवा के महंत गणेशदास, घटवास के गुरुदेव दिनेश व्यास, सैलाना की पूर्व विधायक संगीता चारेल, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष अनुकूल सोनी, सैलाना मंडल अध्यक्ष पंकज राठौर तथा जिला पंचायत प्रतिनिधि आरती पवन जाट, तरूण जैन की उपस्थिति में यात्रा संयोजक संजय जैन एवं पदयात्रियों का सम्मान किया गया। इस अवसर पर संतोष दधवाड़, पप्पू कुमावत सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
ग्राम पंचायत सरपंच रमेश परिहार, सचिव योहान डामोर एवं सहायक सचिव धर्मेंद्र प्रजापत द्वारा भी पदयात्रियों पर पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। यात्रा में दानदाताओं द्वारा उपलब्ध कराए गए इंजन सहित अन्य सहयोग के लिए उनका भी सम्मान किया जाएगा।
चतुर्थ पदयात्रा का समापन राजस्थान स्थित सांवलिया सेठ धाम मंडफिया में पूजा-अर्चना एवं दर्शन के साथ होगा।

Post a Comment
0 Comments