एसडीएम कार्यालय जनसुनवाई में पहुंचे 13 आवेदन।
सैलाना- मंगलवार को एसडीएम कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई में करीब 13 आवेदन प्राप्त हुए। नागरिकों द्वारा विभिन्न समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए गए। जनसुनवाई में उपस्थित संबंधित विभागों के प्रतिनिधियों को आवेदनों को निराकरण के लिए सौंपा गया, ताकि प्रकरणों का संबंधित विभाग द्वारा परीक्षण कर नियमानुसार शीघ्र निराकरण किया जा सके। अधिकारियों ने नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उन्हें संबंधित विभाग तक पहुंचाने की प्रक्रिया पूरी की।
*प्रत्येक मंगलवार दो घंटे होगी जनसुनवाई-*
जिला प्रशासन द्वारा निर्धारित व्यवस्था के अनुसार प्रत्येक मंगलवार प्रातः 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक जनसुनवाई आयोजित की जाएगी। विकेंद्रीकृत व्यवस्था लागू करने का प्रमुख उद्देश्य नागरिकों को जिला मुख्यालय तक आने की आवश्यकता कम करना और उनकी समस्याओं को स्थानीय स्तर पर ही संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखने का अवसर उपलब्ध कराना है।
कलेक्टर अजय कटेसरिया ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जनसुनवाई के दौरान प्राप्त शिकायतों और आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर परीक्षण किया जाए तथा पात्र प्रकरणों में नियमानुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही आवेदकों को उनके प्रकरण की कार्रवाई और निराकरण की स्थिति से अवगत कराने पर भी जोर दिया गया है।
*स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होंगे जनसुनवाई केंद्र-*
विकेंद्रीकृत जनसुनवाई व्यवस्था के तहत प्रत्येक मंगलवार निर्धारित केंद्रों पर अधिकारी उपस्थित रहेंगे। इन केंद्रों के स्थान और समय की जानकारी ग्राम पंचायतों, नगरीय निकायों, लोक सेवा केंद्रों तथा अन्य उपयुक्त माध्यमों से नागरिकों तक पहुंचाई जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य अधिक से अधिक नागरिकों को इस व्यवस्था का लाभ दिलाना है, ताकि वे अपनी समस्याएं आसानी से संबंधित अधिकारियों के समक्ष रख सकें।
*सैलाना-बाजना में होगी जनसुनवाई-*
सैलाना अनुविभाग में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) द्वारा विकेंद्रीकृत जनसुनवाई का नेतृत्व किया जाएगा। व्यवस्था के अनुसार एसडीएम एक सप्ताह अपने कार्यालय में तथा अगले सप्ताह बाजना जनपद पंचायत कार्यालय में स्वयं उपस्थित होकर जनसुनवाई करेंगे। जिस सप्ताह संबंधित केंद्र पर एसडीएम स्वयं उपस्थित नहीं रहेंगे, उस केंद्र पर निर्धारित अधिकारी जनसुनवाई का संचालन करेंगे।
इस व्यवस्था से सैलाना और बाजना क्षेत्र के ग्रामीणों एवं आम नागरिकों को स्थानीय स्तर पर अपनी समस्याएं रखने का अवसर मिलेगा। जिला प्रशासन का मानना है कि विकेंद्रीकृत जनसुनवाई से शिकायतों की सुनवाई और उनके निराकरण की प्रक्रिया अधिक सुलभ, जवाबदेह और प्रभावी बनेगी।
*प्रशासन और नागरिकों के बीच संवाद होगा मजबूत-*
विकेंद्रीकृत जनसुनवाई व्यवस्था का मूल उद्देश्य केवल आवेदन प्राप्त करना नहीं, बल्कि नागरिकों की समस्याओं का संवेदन शीलता के साथ समाधान सुनिश्चित करना है। संबंधित विभागीय अधिकारियों की उपस्थिति में आवेदनों को सीधे सौंपे जाने से प्रकरणों पर कार्रवाई में तेजी आने की उम्मीद है। प्रत्येक मंगलवार होने वाली इस जनसुनवाई के माध्यम से प्रशासन नागरिकों के और करीब पहुंचकर उनकी समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान करने का प्रयास करेगा।

Post a Comment
0 Comments