सैलाना अनुविभागीय पुलिस डिविजन की अपराध समीक्षा बैठक सम्पन्न।
एसपी अमित कुमार ने अपराध नियंत्रण एवं कानून व्यवस्था को लेकर दिए सख्त निर्देश।
सैलाना। अमित कुमार ने सैलाना अनुविभागीय पुलिस डिविजन के अंतर्गत आने वाले सभी पुलिस थानों एवं चौकियों की अपराध समीक्षा बैठक में कानून व्यवस्था, लंबित अपराधों और अपराध नियंत्रण को लेकर विस्तृत चर्चा की। बैठक में विभिन्न थाना क्षेत्रों में घटित अपराधों की समीक्षा करते हुए पुलिस अधिकारियों को अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण रखने तथा आमजन में सुरक्षा का विश्वास बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान एसपी अमित कुमार ने लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी, वारंट तामिली, अवैध शराब एवं मादक पदार्थों की तस्करी पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही महिला संबंधी अपराधों, साइबर अपराधों तथा चोरी, लूट एवं अवैध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने को कहा गया।
उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाई जाए, संवेदनशील क्षेत्रों में सतत निगरानी रखी जाए तथा आमजन की शिकायतों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाए। बैठक में पुलिस अधिकारियों को आगामी त्योहारों एवं आयोजनों को देखते हुए शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में एसडीओपी नीलम बघेल, थाना प्रभारी पिंकी आकाश, अर्जुन सेमलिया, मनीष डावर, चौकी प्रभारी आनन्द बागवान, बैड़दा चौकी प्रभारी जगदीश तोमर सहित सैलाना अनुविभागीय पुलिस डिविजन के सभी थाना एवं चौकी प्रभारी मौजूद रहे।
बैठक में पुलिस अधिकारियों ने अपने-अपने थाना क्षेत्रों की अपराध स्थिति एवं की गई कार्रवाई की जानकारी भी प्रस्तुत की। एसपी अमित कुमार शर्मा ने बेहतर कार्य करने वाले अधिकारियों की सराहना करते हुए पुलिस व्यवस्था को और अधिक मजबूत एवं जनहितकारी बनाने पर जोर दिया।

Post a Comment
0 Comments