सैलाना में पंच दिवसीय श्री शतचण्डी महायज्ञ का भव्य समापन, गंगाजल शोभायात्रा में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब।
सैलाना (निप्र)। सकल पंच पाटीदार समाज एवं शीतला माता भक्त मंडल रगवाड़ी मोहल्ला देवरी चौक सैलाना के तत्वावधान में आयोजित पंच दिवसीय एक कुंडात्मक श्री शतचण्डी महायज्ञ का गुरुवार को श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ भव्य समापन हुआ। समापन अवसर पर निकाली गई गंगाजल शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और पूरा नगर भक्तिमय माहौल से गूंज उठा।
गंगाजल शोभायात्रा शीतला माता मंदिर देवी चौक से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पुनः यज्ञ स्थल पहुंची। शोभायात्रा में श्रद्धालु भजन-कीर्तन करते हुए चल रहे थे, वहीं महिलाओं एवं युवाओं की सहभागिता विशेष आकर्षण का केंद्र रही। नगर में जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा शोभायात्रा का स्वागत भी किया गया।
शाम 4 बजे विधि-विधान के साथ यज्ञ पूर्णाहुति एवं महाआरती सम्पन्न हुई। पूरे आयोजन के दौरान धार्मिक वातावरण बना रहा तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उपस्थित होकर धर्मलाभ लिया।
इसके पश्चात शाम 5 बजे विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें नगर सहित आसपास के क्षेत्रों से आए श्रद्धालुओं एवं नागरिकों ने महाप्रसादी ग्रहण की।
यह संपूर्ण धार्मिक अनुष्ठान यज्ञाचार्य पंडित अभिषेक शर्मा ‘छोटे मुरली महाराज’ के आचार्यत्व में वैदिक मंत्रोच्चार एवं धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ सम्पन्न हुआ। आयोजन समिति ने सभी श्रद्धालुओं एवं सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।



Post a Comment
0 Comments