कलिका माता मंदिर में हुई चोरी के मामले में 24 घंटे के भीतर तीन आरोपी गिरफ्तार।
*सीसीटीवी फुटेज से मिला सुराग, टिल्लू पंप मोटर व एम्पलीफायर मशीन जब्त*
सैलाना। नगर के प्रसिद्ध कलिका माता मंदिर में चोरी एवं चोरी के प्रयास के दो अलग-अलग मामले में सैलाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गया टिल्लू पंप मोटर एवं एम्पलीफायर मशीन जब्त कर ली है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार-रविवार की दरमियानी रात तीन बदमाश मंदिर परिसर के बगीचे की ओर लगे लोहे की जाली वाले गेट को तिरछा कर अंदर घुस गए। इसके बाद आरोपितों ने मंदिर में रखा एम्पलीफायर चोरी कर लिया। वहीं मंदिर के भीतर लगी रेलिंग तोड़कर दान पात्र ले जाने का भी प्रयास किया, लेकिन किसी कारणवश आरोपी दान पात्र को मंदिर परिसर में ही छोड़कर फरार हो गए।
*सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए आरोपी*
थाना प्रभारी पिंकी आकाश ने बताया की मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में तीन संदिग्ध युवक नजर आए थे। पुलिस ने फुटेज के आधार पर जांच शुरू की और देर रात तीनों संदिग्धों को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान आरोपितों ने चोरी की वारदात कबूल कर ली।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिनेश पिता धन्नालाल मईड़ा निवासी मकोड़िया रुंडी थाना सरवन, विजय पिता बसा मईड़ा निवासी कूटुंबी राजस्थान हाल मुकाम नौलखा सैलाना तथा एक नाबालिग के रूप में हुई है। आरोपितों ने पूछताछ में यह भी स्वीकार किया कि दो दिन पूर्व मंदिर परिसर से टिल्लू पंप मोटर की चोरी भी उन्होंने ही की थी।
*100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद मिली सफलता*
सैलाना थाना प्रभारी पिंकी आकाश के निर्देशन में गठित पुलिस टीम ने मामले में लगातार जांच की। टीम में एसआई शंकर सिंह शक्तावत, एएसआई सीताराम तेनीवार, आरक्षक तुफान सिंह भूरिया एवं फकीरचंद सोलंकी शामिल रहे।
पुलिस टीम ने नगर एवं आसपास क्षेत्रों में लगे करीब 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। संदिग्धों के हुलिये और गतिविधियों के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफलता प्राप्त की। पुलिस द्वारा आरोपियों से चोरी गया टिल्लू पंप मोटर व एम्पलीफायर मशीन जब्त कर ली गई है। पुलिस की इस कार्रवाई की नगरवासियों ने सराहना की है।
*सोमवार दोपहर पुलिस घटनास्थल आरोपितों को ले गई*
इधर सोमवार दोपहर सैलाना पुलिस उक्त तीनों आरोपितों को घटनास्थल मंदिर परिसर तक लाई। वहां आरोपितों की तस्दीक अनुसार घटना स्थल से कुछ दुरी पर झाड़ियां के अन्दर से चोरी गया सामान जप्त किया गया। पुलिस के अनुसार तीन आरोपितों में एक नाबालिक भी शामिल है।

Post a Comment
0 Comments