कल्याण केदारेश्वर घाट पर तेल से भरे ट्रक में भीषण आग, 1500 डिब्बे जलकर खाक।
सैलाना/रतलाम। अहमदाबाद से रतलाम आ रहा खाने के तेल से भरा एक ट्रक देर रात आग की चपेट में आ गया। घटना सरवन मार्ग स्थित कल्याण केदारेश्वर घाट पर रात करीब डेढ़ से दो बजे के बीच की बताई जा रही है। शॉर्ट सर्किट के कारण लगी आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे ट्रक में रखे करीब 1,500 तेल के डिब्बे जलकर नष्ट हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही सैलाना और रतलाम से फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। करीब एक से दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। मौके पर नगर परिषद अध्यक्ष चैतन्य शुक्ला सहित परिषद के कर्मचारी भी पहुंचे और राहत कार्य में सहयोग किया।
*शॉर्ट सर्किट से लगी आग*
ट्रक चालक रशीद पिता कल्लुखा (निवासी टैंकर रोड, रतलाम) ने बताया कि वह अहमदाबाद से खाने का तेल लोड कर रतलाम की कृष्णा ट्रेडिंग के लिए आ रहा था। घाट पर अचानक ट्रक में शॉर्ट सर्किट हुआ और आग डीजल टैंक तक पहुंच गई। देखते ही देखते आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया।
*एक से दो घंटे में पाया गया नियंत्रण*
विकराल आग को देखते हुए सरवन मार्ग को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया, ताकि अन्य वाहन आग की चपेट में न आएं। रतलाम और सैलाना के दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया। आग बुझने के बाद मार्ग को पुनः सुचारू कर दिया गया। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।

Post a Comment
0 Comments