सैलाना में अफीम की फसल शबाब पर, एक-दो दिन में शुरू होगा चीरा लगाने का कार्य।
सैलाना। क्षेत्र में इन दिनों अफीम की फसल पूरी तरह तैयार अवस्था में लहलहा रही है। खेतों में लगे डोड़े अब परिपक्व हो चुके हैं और किसानों द्वारा चीरा लगाने की तैयारी अंतिम चरण में है।
अफीम मुखिया जगदीश कुमावत (मामा) ने जानकारी देते हुए बताया कि आगामी एक-दो दिनों में डोड़ों पर चीरा लगाया जाएगा, जिससे अफीम निकाली जाएगी। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में कुल 32 पट्टों पर अफीम की फसल खड़ी है। इनमें से 18 पट्टे सीपीएस (CPS) पद्धति वाले हैं, जिनमें पारंपरिक तरीके से चीरा नहीं लगाया जाता। वहीं 14 पट्टे ऐसे हैं जिनमें चीरा लगाकर अफीम एकत्रित की जाएगी।
कुमावत ने बताया कि अब तक फसल में किसी प्रकार का विशेष नुकसान नहीं हुआ है और फसल की स्थिति संतोषजनक बनी हुई है। हालांकि अब चीरा लगाने की प्रक्रिया शुरू होने वाली है, ऐसे में मौसम की भूमिका महत्वपूर्ण रहेगी। यदि तेज हवा या बारिश होती है तो फसल को भारी नुकसान पहुंच सकता है।
किसान फिलहाल अनुकूल मौसम की उम्मीद लगाए हुए हैं ताकि मेहनत का पूरा लाभ मिल सके और अच्छी पैदावार प्राप्त हो सके।

Post a Comment
0 Comments