Type Here to Get Search Results !
search tv halchal

कांग्रेस का आक्रोश: मंत्री के विरोध में सदर बाजार में पुतला दहन।

कांग्रेस का आक्रोश: मंत्री के विरोध में सदर बाजार में पुतला दहन।

सैलाना।प्रदेश के नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय द्वारा विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार को लेकर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आक्रोश फूट पड़ा।

शनिवार को जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं सैलाना विधानसभा के पूर्व विधायक हर्ष विजय गेहलोत के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता नगर के सदर बाजार स्थित चांदनी चौक क्षेत्र में एकत्रित हुए। प्रारंभ में यह कार्यक्रम गणेश मंदिर क्षेत्र में प्रस्तावित था, लेकिन यातायात बाधित होने की आशंका के चलते स्थल बदलकर सदर बाजार कर दिया गया।

कार्यकर्ताओं ने मंत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए पुतला दहन किया। जैसे ही पुतले को आग लगाई गई, पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंच गया और दहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन तब तक पुतला पूरी तरह जल चुका था। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी झड़प की स्थिति भी बनी।

अपने संबोधन में हर्ष विजय गेहलोत ने कहा कि मंत्री की टिप्पणी न केवल उनके पद की गरिमा के विपरीत है, बल्कि आदिवासी समाज का भी अपमान है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में इस प्रकार की बयानबाजी दोहराई गई तो कांग्रेस व्यापक जनआंदोलन करेगी।

पुतला दहन कार्यक्रम में कांग्रेस के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे और मंत्री के बयान के खिलाफ एकजुटता दिखाई।

Post a Comment

0 Comments