बेमौसम बारिश से फसलों को नुकसान,विधायक डोडियार ने मुख्यमंत्री से सर्वे करवाकर मुआवजे की मांग की।
सैलाना।विधायक कमलेश्वर डोडियार ने मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव से रतलाम जिला में हाल ही में हुई बेमौसम वर्षा से रबी फसलों को हुए नुकसान का सर्वे कराकर किसानों को उचित मुआवजा देने की मांग की है।
डोडियार ने मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में बताया कि हाल ही में हुई बेमौसम वर्षा एवं तेज हवाओं के कारण क्षेत्र के किसानों की गेहूं सहित अन्य रबी फसलें भारी मात्रा में प्रभावित हुई हैं। दिनभर में लगभग आधा इंच (करीब 14 मिमी) वर्षा दर्ज की गई, जिससे खेतों में खड़ी गेहूं की फसल जमींदोज हो गई तथा ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक कृषि नुकसान हुआ है।
उन्होंने बताया कि पूर्व में अक्टूबर माह में हुई वर्षा के कारण किसानों द्वारा गेहूं की बुवाई नवंबर माह में की गई थी। वर्तमान में फसल कच्ची अवस्था में होने से दाना बनने की संभावना कम हो गई है, जबकि जो फसल पकने की स्थिति में थी, उसकी गुणवत्ता एवं रंग प्रभावित होने की आशंका है। इससे किसानों को गंभीर आर्थिक क्षति का सामना करना पड़ रहा है। डोडियार ने मांग की कि तत्काल राजस्व एवं कृषि विभाग के माध्यम से सर्वे कराया जाकर वास्तविक नुकसान का आकलन किया जाए तथा किसानों को शीघ्र उचित मुआवजा एवं राहत राशि प्रदान की जाए, ताकि उनकी आर्थिक भरपाई हो सके।

Post a Comment
0 Comments