आंगन मिलन कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान
बच्चों ने प्रस्तुत की कहानियां, जनप्रतिनिधियों ने कार्यकर्ताओं का बढ़ाया उत्साह
सैलाना। सेवा, समर्पण एवं संकल्प अभियान के अंतर्गत आंगन मिलन कार्यक्रम का आयोजन भीलों की खेड़ी आंगनवाड़ी में किया गया। कार्यक्रम में आंगनबाड़ी केंद्रों की गतिविधियों, बच्चों के विकास एवं महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं को लेकर जानकारी साझा की गई।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक संगीता चारेल, जनपद अध्यक्ष कैलाशी चारेल, मंडल अध्यक्ष पंकज राठौर, सरपंच हेमंत डामर कार्यक्रम प्रभारी किरण माहेश्वरी, पार्षद आशा किशोर कसेरा, चन्दा दिनेश पारंगी, विशाल धबाई, मनीषा सिलावट, एल्डरमैन सपना खराड़ी, सुनील राठौर, महिला एवं बाल विकास अधिकारी ज्योति एवं परियोजना अधिकारी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं का श्रीफल एवं प्रमाण पत्र भेंट कर सम्मान किया गया। अतिथियों ने कार्यकर्ताओं द्वारा बच्चों एवं महिलाओं के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम में बच्चों ने उत्साहपूर्वक कहानियों का वाचन किया। बच्चों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों का ध्यान आकर्षित किया। कार्यक्रम के माध्यम से आंगनबाड़ी केंद्रों को बच्चों के सर्वांगीण विकास और महिला एवं बाल कल्याण की योजनाओं को समाज तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम बताया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को उनके दायित्वों के प्रति प्रोत्साहित करते हुए कहा कि बच्चों के पोषण, शिक्षा और विकास में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है।

Post a Comment
0 Comments