*सैलाना में श्रीमद्भागवत कथा के तृतीय दिवस में श्रद्धालुओं ने की कथा श्रवण*
*“जिसका कोई नहीं, उसका भगवान है” — पं. विनोद शर्मा भदवासा वाले*
सैलाना। श्राद्ध पक्ष के पावन अवसर पर केसरा धर्मशाला, शिवगढ़ रोड, सैलाना में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ के तृतीय दिवस भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा श्रवण के लिए पहुंचे। सूर्यवंशी केसरा कुमावत समाज, सैलाना द्वारा आयोजित इस धार्मिक आयोजन में कथा पंडाल श्रद्धालुओं से खचाखच भरा रहा।
तृतीय दिवस की कथा का वाचन राष्ट्रीय कथा प्रवक्ता पं. विनोद जी शर्मा (भदवास वाले) ने किया। कथा के दौरान उन्होंने कहा कि “जिसका कोई नहीं, उसका भगवान है।” उन्होंने कहा कि जीवन में जब कोई साथ नहीं देता, तब भगवान अपने भक्त का साथ कभी नहीं छोड़ते। मनुष्य को विपरीत परिस्थितियों में भी ईश्वर पर विश्वास बनाए रखना चाहिए।
पं. विनोद शर्मा ने श्रीमद्भागवत के विभिन्न धार्मिक एवं प्रेरणादायी प्रसंगों के माध्यम से श्रद्धालुओं को धर्म, भक्ति, सदाचार और ईश्वर के प्रति आस्था का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि मनुष्य को जीवन में कितनी भी कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़े, लेकिन भगवान के प्रति विश्वास और भक्ति को कभी नहीं छोड़ना चाहिए।
कथा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों से पूरा पंडाल भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव के साथ कथा का श्रवण किया। आयोजन स्थल पर दिनभर धार्मिक एवं आध्यात्मिक वातावरण बना रहा।
श्रीमद्भागवत कथा प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित की जा रही है। कथा का आयोजन 3 अक्टूबर 2026 तक चलेगा। आयोजक समिति ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कथा श्रवण का लाभ लेने का आग्रह किया है।

Post a Comment
0 Comments