नगर में निकली भव्य तिरंगा रैली, विद्यार्थियों ने दिया देशभक्ति का संदेश।
सैलाना। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में बुधवार को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान एवं तिरंगा यात्रा के तहत नगर सैलाना में भव्य तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। रैली में नगर के विभिन्न शासकीय एवं गैर- शासकीय विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साह पूर्वक भाग लिया। हाथों में तिरंगा लेकर निकले विद्यार्थियों ने देशभक्ति के संदेश को जन- जन तक पहुंचाया।
तिरंगा रैली में शामिल होने के लिए विद्यार्थी दोपहर 12:30 बजे बालक हायर सेकेंडरी स्कूल (सांदीपनि स्कूल) परिसर में एकत्रित हुए। यहां से दोपहर 1 बजे रैली का शुभारंभ किया गया। रैली में बड़ी संख्या में विद्यार्थी तिरंगा हाथों में लेकर अनुशासित ढंग से शामिल हुए। पूरे मार्ग में देशभक्ति का माहौल नजर आया और तिरंगे के प्रति सम्मान एवं राष्ट्रप्रेम की भावना देखने को मिली।
रैली बालक हायर सेकेंडरी स्कूल परिसर से प्रारंभ होकर सदर बाजार पहुंची। इसके बाद रैली पैलेस चौराहा होते हुए शेखजी मोहल्ला एवं रंगवाड़ी मोहल्ले से निकली और बस स्टैंड पहुंची। नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरती रैली को देखने के लिए नागरिक भी मार्ग के दोनों ओर मौजूद रहे। विद्यार्थियों के हाथों में लहराता तिरंगा और देशभक्ति से ओतप्रोत वातावरण ने नगरवासियों में उत्साह का संचार किया।
बस स्टैंड पर रैली का समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया। इस दौरान उपस्थित सभी लोगों ने राष्ट्र के प्रति सम्मान और एकता की भावना के साथ राष्ट्रगान में सहभागिता की। आयोजन का उद्देश्य स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नागरिकों में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान तथा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
रैली में एसडीएम सुनील जायसवाल सहित नगर के विभिन्न शासकीय एवं गैर- शासकीय संस्थानों के प्रमुख एवं अधिकारी उपस्थित रहे। इसी दौरान जनपद अध्यक्ष केलाशी चारेल,तहसीलदार मनीष जैन, तिरंगा यात्रा प्रभारी जीआर दडिंग, जनपद पंचायत सीईओ रिया गेरा, बीआरसी अधिकारी नरेन्द्र कुमार पासी, प्राचार्य गिरीश सारस्वत, प्राचार्य वीरेन्द्र मिंडा, प्राचार्य आर.सी. पाटीदार, प्राचार्य दिलीप पाटीदार, नगर परिषद से भीम सिंह लहरी, सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी, शिक्षक एवं गणमान्य नागरिक भी आयोजन में मौजूद रहे।
तिरंगा रैली के माध्यम से विद्यार्थियों ने नगरवासियों को स्वतंत्रता दिवस की भावना से जोड़ते हुए देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रध्वज के सम्मान का संदेश दिया। आयोजन के दौरान नगर का वातावरण देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।

Post a Comment
0 Comments