सैलाना थाने में एसपी अमित कुमार ने ली अपराध समीक्षा बैठक, रिकॉर्ड व व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण।
सैलाना- जिला पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बुधवार को सैलाना थाने का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना परिसर में अपराधों की स्थिति और पुलिस की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए पुलिस अधिकारियों के साथ अपराध समीक्षा बैठक ली। बैठक में लंबित प्रकरणों, थाने की व्यवस्थाओं और पुलिस रिकॉर्ड के रखरखाव को लेकर आवश्यक जानकारी ली गई।
एसपी अमित कुमार के सैलाना थाना पहुंचने पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार, डीएसपी अनीशा जैन, एसडीओपी सैलाना नीलम बघेल तथा थाना प्रभारी पिंकी आकाश सहित पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। एसपी ने अधिकारियों से क्षेत्र में अपराध की स्थिति, दर्ज प्रकरणों तथा लंबित मामलों की जानकारी ली और पुलिस द्वारा की जा रही कार्रवाई की समीक्षा की।
अपराध समीक्षा बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को अपराधों की रोकथाम के साथ-साथ लंबित मामलों के निराकरण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिसिंग को अधिक प्रभावी बनाने, आमजन की शिकायतों का समय पर निराकरण करने तथा थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के संबंध में भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक के बाद एसपी ने सैलाना थाने के विभिन्न कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने रिकॉर्ड रूम, रोजनामचा और मालखाना सहित महत्वपूर्ण व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान पुलिस रिकॉर्ड के रखरखाव और दस्तावेजों की स्थिति की बारीकी से जानकारी ली गई। एसपी ने पुलिसकर्मियों से भी बातचीत कर उनकी कार्यप्रणाली और थाने से संबंधित व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। थाने में संधारित रिकॉर्ड और व्यवस्थाओं को देखकर पुलिस अधीक्षक संतुष्ट नजर आए। उन्होंने पुलिसकर्मियों से संवाद करते हुए उन्हें जिम्मेदारी और तत्परता के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया। एसपी के अचानक निरीक्षण से थाना स्टाफ में भी सक्रियता देखने को मिली।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के इस निरीक्षण को थानों की कार्यप्रणाली को बेहतर बनाने और पुलिस रिकॉर्ड को व्यवस्थित रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अपराध समीक्षा बैठक के माध्यम से जहां क्षेत्र में अपराध की स्थिति की जानकारी ली गई, वहीं थाना स्तर पर पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया गया। उनके जाने के बाद स्थानीय पूलिस महकमे ने राहत की सांस ली।

Post a Comment
0 Comments