हरियाली अमावस्या पर कल्याण केदारेश्वर धाम में उमड़ा प्राकृतिक सौंदर्य।
सैलाना। हरियाली अमावस्या के अवसर पर सैलाना क्षेत्र के प्रसिद्ध कल्याण केदारेश्वर धाम में इन दिनों प्राकृतिक सौंदर्य देखते ही बन रहा है। बारिश के बाद पूरा क्षेत्र हरियाली से आच्छादित हो गया है। पहाड़ियों से बहते झरने और चारों ओर फैली हरियाली पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रही है।
कल्याण केदारेश्वर धाम सैलाना से करीब पांच किलोमीटर दूर स्थित है। पहाड़ियों की गोद में बसे इस प्राचीन शिव मंदिर तक पहुंचने के लिए श्रद्धालुओं को प्राकृतिक रास्तों से होकर गुजरना पड़ता है। सावन और बारिश के मौसम में यहां बहने वाले झरने इस स्थान की खूबसूरती में चार चांद लगा देते हैं।
मंदिर परिसर में भगवान भोलेनाथ की शिवलिंग विराजमान है, जहां श्रद्धालु जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना करते हैं। हरियाली अमावस्या के अवसर पर बड़ी संख्या में लोग परिवार और मित्रों के साथ यहां पहुंचकर प्राकृतिक वातावरण का आनंद लेते हुए भगवान शिव के दर्शन कर रहे हैं।
बारिश के कारण धाम के आसपास की पहाड़ियां, पेड़-पौधे और झरने मनमोहक दृश्य प्रस्तुत कर रहे हैं। प्रकृति प्रेमियों के लिए यह क्षेत्र आकर्षण का प्रमुख केंद्र बन गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मानसून के दौरान कल्याण केदारेश्वर धाम का प्राकृतिक स्वरूप देखते ही बनता है।
फोटो ड्रोन जितेंद्र शर्मा

Post a Comment
0 Comments