रक्षाबंधन पर्व पर जुनावास स्थित गोविन्देश्वर महादेव मंदिर में श्रावणी कर्म संपन्न।
सैलाना। श्री लक्ष्मी ज्योतिष संस्थान सैलाना के तत्वावधान में श्री गोविन्देश्वर महादेव मंदिर, जुनावास में रक्षाबंधन के पावन पर्व पर प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी शर्मा परिवार द्वारा श्रावणी कर्म का आयोजन विधि-विधान एवं शास्त्रोक्त परंपराओं के अनुसार किया गया।
कार्यक्रम में आचार्य अभिषेक शर्मा (छोटे मुरली महाराज) एवं पंडित सोनू शर्मा के सानिध्य में उपस्थित ब्राह्मणों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए गए। इस दौरान हेमाद्रि स्नान, नांदी श्राद्ध, उपाकर्म सहित भगवान सप्तऋषि की विधिवत पूजा-अर्चना की गई।
धार्मिक अनुष्ठान के पश्चात हवन एवं महाआरती का आयोजन हुआ। महाआरती में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर भगवान गोविन्देश्वर महादेव का आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित श्रद्धालुओं एवं ब्राह्मणों को महाप्रसादी का वितरण किया गया।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं समाजजन उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर वैदिक मंत्रोच्चार एवं धार्मिक वातावरण से भक्तिमय नजर आया।

Post a Comment
0 Comments