चार माह से जारी विवाद का पटाक्षेप, जर्जर दुकानों पर चला जेसीबी।
सैलाना। नगर के बस स्टैंड पर मंगलवार सुबह करीब 5 बजे नगर परिषद एवं प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सुलभ कॉम्प्लेक्स के आसपास बनी जर्जर दुकानों को जेसीबी की मदद से जमींदोज कर दिया। तड़के शुरू हुई कार्रवाई को लेकर प्रशासन ने पहले से ही सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे।
कार्रवाई के दौरान तहसीलदार मनीष जैन सहित राजस्व अमला, नगर परिषद अध्यक्ष चैतन्य शुक्ला एवं नगर परिषद का पूरा अमला मौके पर मौजूद रहा। वहीं सैलाना थाना प्रभारी पिंकी आकाश के नेतृत्व में सैलाना के साथ सरवन, बाजना और रावटी थानों का पुलिस बल तैनात किया गया था।
नगर परिषद और कुछ दुकानदारों के बीच दुकानों को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। 22 अगस्त 2026 को प्रथम व्यवहार न्यायाधीश वरिष्ठ खंड, सैलाना के न्यायालय ने दुकानदारों द्वारा प्रस्तुत अस्थायी निषेधाज्ञा आवेदन को निरस्त कर दिया था। न्यायालय ने अपने आदेश में कहा था कि वादी पक्ष प्रथमदृष्टया अपना मामला साबित करने में सफल नहीं रहा।
नगर परिषद की ओर से न्यायालय में दुकानों की जर्जर स्थिति से संभावित जनहानि की आशंका तथा सिंहस्थ को देखते हुए बस स्टैंड के विस्तार की आवश्यकता का मुद्दा रखा गया था। कार्रवाई से पहले दुकानदारों ने सुरक्षा की दृष्टि से अपनी दुकानें खाली कर दी थीं।
नगर परिषद अध्यक्ष चैतन्य शुक्ला ने कहा कि कार्रवाई नियमों एवं न्यायालय के आदेश के अनुसार की गई है। जर्जर ढांचे को हटाकर बस स्टैंड को सुरक्षित एवं व्यवस्थित स्वरूप दिया जाएगा। पुनर्निर्माण के बाद पूर्व में आवंटित दुकानदारों को नियमानुसार दुकानें उपलब्ध कराई जाएंगी।
*चार माह से जारी विवाद का पटाक्षेप*
लगभग चार माह से नगर परिषद और कुछ दुकानदारों के बीच चल रहे विवाद का मंगलवार सुबह जर्जर दुकानों के जमींदोज होने के साथ पटाक्षेप हो गया। मामला हाई कोर्ट तक भी पहुंचा था। अब कार्रवाई के बाद बस स्टैंड के चौड़ीकरण एवं विकास का रास्ता साफ होने की उम्मीद है।



Post a Comment
0 Comments