सावन में निकली भव्य बालवीर कांवड़ यात्रा, नन्हे कांवड़ियों ने किया महादेव का जलाभिषेक
सैलाना। सावन माह के पावन अवसर पर रविवार को सैलाना नगर में नीलकंठेश्वर समिति द्वारा भव्य बालवीर कांवड़ यात्रा निकाली गई। यात्रा में बड़ी संख्या में नन्हे बाल कांवड़िए, उनके अभिभावक, शिवभक्त एवं नगरवासी शामिल हुए। कांवड़ियों के हर-हर महादेव, बोल बम और जय भोलेनाथ के जयघोष से पूरा नगर शिवमय हो गया।
यात्रा आनंद विहार कॉलोनी से प्रारंभ होकर मोहलिया हनुमान मंदिर (गवली मोहला), लक्ष्मी मंदिर, खाकीबाबा हनुमान मंदिर (दिलीप मार्ग), पैलेस चौराहा (राजवाड़ा), घंटाघर हनुमान मंदिर, बस स्टैंड चौराहा, भोई मोहला स्थित बालाजी मंदिर, अंबेडकर मोहल्ला स्थित सनी मंदिर, रंगबाड़ी मोहल्ला स्थित हनुमान मंदिर, कुमावतपुरा स्थित चारभुजा मंदिर तथा जुनावास स्थित राम-जानकी मंदिर होते हुए बिछलावास स्थित नीलकंठेश्वर महादेव मंदिर पहुंची।
नन्हे कांवड़िए आकर्षक कांवड़ लेकर तथा गले में महाकाल के दुपट्टे धारण कर उत्साहपूर्वक यात्रा में शामिल हुए। डीजे पर बज रही धार्मिक धुनों और भगवान भोलेनाथ के जयकारों के बीच कांवड़िए नगर के प्रमुख मार्गों से आगे बढ़े।
यात्रा के मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने कांवड़ियों का स्वागत किया और पुष्पवर्षा कर उनका उत्साह बढ़ाया। नन्हे कांवड़ियों की श्रद्धा, अनुशासन और उत्साह देखते ही बन रहा था। पूरे मार्ग में हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष गूंजते रहे।
नीलकंठेश्वर महादेव मंदिर पहुंचने के बाद सभी कांवड़ियों ने भगवान भोलेनाथ के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। इसके पश्चात कांवड़ में लाए गए पवित्र जल से भगवान शिव के शिवलिंग का श्रद्धापूर्वक जलाभिषेक किया गया। कांवड़ियों ने भगवान महादेव से नगरवासियों के सुख, समृद्धि, खुशहाली एवं मंगल की कामना की।
बालवीर कांवड़ यात्रा का उद्देश्य बच्चों एवं युवाओं में धार्मिक आस्था, भारतीय संस्कृति, संस्कार और सामाजिक एकता की भावना को मजबूत करना रहा। सावन में आयोजित इस धार्मिक आयोजन ने नन्हे कांवड़ियों में भी सनातन परंपराओं के प्रति उत्साह और श्रद्धा का भाव जागृत किया।
यात्रा के समापन अवसर पर नीलकंठेश्वर समिति के पदाधिकारी, सदस्य, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे। सभी श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद लेकर यात्रा का समापन किया।

Post a Comment
0 Comments