*जावरा के स्कूल की पिकनिक में पसरा सन्नाटा*
*छात्र को बचाते-बचाते कुर्बान हो गए शिक्षक*
*रतलाम में पिकनिक स्पॉट पर दर्दनाक हादसा*
रतलाम। नगर से करीब 15 किलोमीटर दूर सांवलिया रूंडी स्थित पैराडाइज वैली पिकनिक स्पॉट पर रविवार दोपहर दर्दनाक हादसा हो गया। पानी में खेल रहे दो विद्यार्थी गहरे पानी में चले गए। उन्हें बचाने के लिए दो शिक्षक पानी में उतरे। एक छात्रा को बाहर निकाल लिया गया, लेकिन दूसरे छात्र को बचाने के प्रयास में दोनों शिक्षक भी गहराई में चले गए। हादसे में दोनों शिक्षकों और छात्र की डूबने से मौत हो गई। वहीं तीन विद्यार्थियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनकी हालत सामान्य बताई गई है।
*सभी की हालत सामान्य*
मृतकों में जावरा के त्रिमूर्ति कॉन्वेंट स्कूल के संगीत शिक्षक खारीवाल कॉलोनी निवासी 22 वर्षीय प्रिंस पुत्र तेजकरण मोदी, तिलक नगर निवासी 42 वर्षीय विजय सिंह पुत्र गुरुचंद्र राठौर और ग्राम ऊपरवाड़ा निवासी कक्षा सातवीं के 12 वर्षीय छात्र हर्षित पुत्र समरथ पाटीदार शामिल हैं। हादसे में साइंधाम कॉलोनी निवासी कक्षा नौवीं की 15 वर्षीय खुशी पुत्री नंदलाल रायकवार, 15 वर्षीय अन्वेष और 16 वर्षीय सिद्धि को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी की हालत सामान्य है।
*दोस्त थे दोनों शिक्षक*
त्रिमूर्ति कॉन्वेंट स्कूल में प्रिंस मोदी विद्यार्थियों को तबला और विजय सिंह राठौर साइंस पढ़ाते थे। हारमोनियम सिखाने वाले शिक्षक शिवम राठौर भी हादसे के दौरान पानी में गए थे, लेकिन उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। प्रिंस मोदी और शिवम राठौर दोस्त बताए गए हैं।
*पानी में खेलते समय गहराई में गए बच्चे*
चौपाटी स्थित मंशापूर्ण मंदिर के पास त्रिमूर्ति कॉन्वेंट स्कूल की कक्षा सातवीं और नौवीं के करीब 14 विद्यार्थी रविवार सुबह करीब 10.30 बजे स्कूल स्टाफ के साथ बस से पैराडाइज वैली पहुंचे थे। सभी विद्यार्थी स्कूल के संगीत ग्रुप से जुड़े थे। विद्यार्थियों के साथ प्रिंसिपल संदीप सक्सेना, शिक्षक शिवम राठौर, विजय सिंह राठौर, परवेज खान, प्रिंस मोदी और लेखापाल विजेंद्र सिंह भी मौजूद थे।
दोपहर करीब 2 से 3 बजे के बीच कुछ विद्यार्थी पानी में खेल रहे थे। इसी दौरान कक्षा सातवीं के छात्र हर्षित पाटीदार और कक्षा नौवीं की छात्रा खुशी गहरे पानी में चले गए। दोनों को डूबते देखकर शिक्षक प्रिंस मोदी और विजय सिंह राठौर उन्हें बचाने के लिए पानी में उतर गए। बचाव के दौरान खुशी को बाहर निकाल लिया गया, लेकिन हर्षित को बचाने के प्रयास में दोनों शिक्षक गहरे पानी में चले गए।
*बड़े दुपट्टे की मदद से निकाला बाहर*
बच्चों के शोर मचाने पर ग्रामीण और आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने बड़े दुपट्टे की मदद से हर्षित और दोनों शिक्षकों को पानी से बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें सीपीआर दिया गया, लेकिन तब तक तीनों की मौत हो चुकी थी। एसडीईआरएफ की टीम के पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोग तीनों को पानी से बाहर निकाल चुके थे।
*पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजन को सौंपे*
हादसे की सूचना पर थाना दीनदयाल नगर पुलिस मौके पर पहुंची। तीनों शवों को रतलाम मेडिकल कॉलेज लाया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजन को सौंप दिए गए। थाना प्रभारी अनुराग यादव ने बताया कि स्कूल प्रिंसिपल से पूछताछ कर हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

Post a Comment
0 Comments