अंतिम श्रावण सोमवार पर शिवमय हुआ सैलाना, कांवड़ यात्रियों का जगह-जगह हुआ स्वागत
सैलाना। श्रावण मास के अंतिम सोमवार को सैलाना नगर शिवभक्ति से सराबोर नजर आया। आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में कांवड़ यात्री भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करने के लिए सैलाना के अडवानिया केदारेश्वर पहुंचे। कांवड़ यात्रियों के नगर में प्रवेश के साथ ही पूरा वातावरण “शिव लहरी-बम लहरी” के जयघोष से गूंज उठा। भक्ति और उत्साह से ओतप्रोत इस कांवड़ यात्रा ने नगर में धार्मिक माहौल बना दिया।
धामनोद, बोदीना, नान्दलेटा सहित आसपास के विभिन्न गांवों से कांवड़ यात्रियों के जत्थे सैलाना पहुंचे। यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु कांवड़ लेकर शामिल हुए। कई कांवड़ियों ने भगवान भोलेनाथ के गणों का रूप धारण कर आकर्षण का केंद्र बने। डीजे और भजनों की धुन पर श्रद्धालु जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ रहे थे।
कांवड़ यात्रियों के स्वागत के लिए नगरवासियों ने जगह-जगह स्वागत मंच लगाए। श्रद्धालुओं पर पुष्प वर्षा की गई तथा पुष्प मालाओं से कांवड़ यात्रियों का स्वागत कर उनका उत्साह बढ़ाया गया। मार्ग में श्रद्धालुओं के लिए विभिन्न स्थानों पर सेवा एवं स्वागत की व्यवस्थाएं भी की गईं।
वहीं, नगर के प्रसिद्ध केदारेश्वर महादेव मंदिर में भी अंतिम श्रावण सोमवार के अवसर पर हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। भक्तों ने भगवान केदारेश्वर महादेव का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की और सुख-समृद्धि की कामना की। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ बनी रही। पूरे दिन सैलाना नगर हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजता रहा और श्रावण सोमवार का पर्व श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया गया।
वहीं पुरे दिन भर यात्रा की व्यवस्था में थाना प्रभारी पिंकी आकाश व पुलिस प्रशासन पुरी टीम के साथ नगर रक्षा समिति भी नजर आए।


Post a Comment
0 Comments