Type Here to Get Search Results !
search tv halchal

नाबालिग से धमकी देकर नकदी-जेवर हड़पने का मामला: मास्टरमाइंड हर्ष गुर्जर ने कबूला जुर्म, खेत से बरामद हुई सोने की कान की लड़े।

नाबालिग से धमकी देकर नकदी-जेवर हड़पने का मामला: मास्टरमाइंड हर्ष गुर्जर ने कबूला जुर्म, खेत से बरामद हुई सोने की कान की लड़े।

सैलाना। नाबालिग को जान से मारने की धमकी देकर नकदी और सोने के जेवर हड़पने के चर्चित मामले में कथित मास्टरमाइंड हर्ष गुर्जर ने घटना के करीब 25 दिन बाद मंगलवार को न्यायालय में आत्मसमर्पण किया था। न्यायालय से एक दिन का पुलिस रिमांड मिलने के बाद पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि उसने सोने की कान की लड़े सकरावदा स्थित अपने खेत में खाखरे के पेड़ के नीचे जमीन में गाड़ रखी थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बाली बरामद कर जब्त कर ली।

मुख्य आरोपी के सीधे न्यायालय पहुंचकर सरेंडर करने से पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठे हैं। शुरुआती कार्रवाई के दौरान पुलिस ने जल्द गिरफ्तारी और विशेष टीम गठित करने का दावा किया था, लेकिन आरोपी गिरफ्तारी से बचता रहा और अंततः न्यायालय में आत्मसमर्पण किया।

पुलिस के अनुसार इस मामले में पहले गिरफ्तार किए गए आदित्य सिसौदिया और अंकलेश मोगिया ने पूछताछ के दौरान पूरे घटनाक्रम का मास्टरमाइंड हर्ष गुर्जर को बताया था। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेजा जा चुका है। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूरी ज्वेलरी बरामद नहीं हुई थी और कुछ आभूषण हर्ष गुर्जर के पास होना सामने आया था।

सूत्रों के अनुसार हर्ष गुर्जर आजीवन कारावास की सजा काट रहे संदीप जाट का करीबी माना जाता है। उसके खिलाफ सैलाना थाने में अवैध वसूली, मारपीट और जहरीली शराब की बिक्री सहित 10 से अधिक आपराधिक प्रकरण दर्ज बताए जाते हैं।

-यह है पूरा मामला

पीड़ित नाबालिग के पिता मुकेश राठौड़ निवासी दयानंद गली (नेहरू मार्ग), सैलाना ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया था कि आरोपी आदित्य उनके बेटे को लगातार जान से मारने की धमकी देकर रुपए की मांग कर रहा था। डर के कारण नाबालिग ने घर में रखी नकदी के साथ सोने की अंगूठी और कान की बाली भी आरोपी को दे दी। इसके बाद भी आरोपी लगातार फोन कर और रुपए मांगता रहा। परिजनों के अनुसार लगातार मिल रही धमकियों से बालक मानसिक तनाव में आ गया था और कुछ दिन पहले घर छोड़कर भी चला गया था।

पुलिस ने 27 जून को दिए आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर आदित्य सिसौदिया और अंकलेश मोगिया को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में दोनों द्वारा हर्ष गुर्जर का नाम सामने आने के बाद भी मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी थी। अब उसके न्यायालय में सरेंडर करने और पूछताछ में जुर्म कबूल करने के बाद पुलिस ने उससे बरामदगी की कार्रवाई की है।

"थाना प्रभारी पिंकी आकाश ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए खेत में कान की लड़े छिपाने की जानकारी दी थी। पुलिस ने मौके से दोनों लड़े बरामद कर जब्त कर ली है। रिमांड अवधि पूरी होने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।"

Post a Comment

0 Comments