Type Here to Get Search Results !
search tv halchal

उजमनी मना कर रूठे इंद्रदेव को मनाने का किया प्रयास।

उजमनी मना कर रूठे इंद्रदेव को मनाने का किया प्रयास।


सैलाना। क्षेत्र में अच्छी बारिश की कामना को लेकर सोमवार को सैलाना नगर में सर्व समाज के लोगों ने पारंपरिक उजमनी मनाई। इससे एक दिन पूर्व रविवार को नगर में मुनादी कर समस्त नगरवासियों से उजमनी मनाकर इंद्रदेव को प्रसन्न करने की अपील की गई थी।

अपील के अनुसार सोमवार सुबह बड़ी संख्या में लोग अपने परिवार सहित पुरा व्यवसाय बन्द रख कर खेतों और कुओं पर पहुंचे। वहां पारंपरिक विधि-विधान से उजमनी मनाते हुए भगवान इंद्रदेव की पूजा-अर्चना की तथा बाटी-चूरमे का भोग अर्पित कर क्षेत्र में अच्छी वर्षा और सुख-समृद्धि की प्रार्थना की।

किसान कमल पाटीदार एवं राकेश पाटीदार ने बताया कि वे अपने परिवार के साथ खेत स्थित कुएं पर पहुंचे और रूठे हुए इंद्रदेव को मनाने के उद्देश्य से बाटी-चूरमे का भोग लगाकर अच्छी बारिश की मंगलकामना की। उनका कहना था कि समय पर वर्षा होने से किसानों की फसलों को लाभ मिलेगा और क्षेत्र में खुशहाली आएगी।

क्षेत्र में पर्याप्त वर्षा नहीं होने से किसान चिंतित हैं। ऐसे में वर्षों पुरानी परंपरा के अनुसार उजमनी मनाकर इंद्रदेव से अच्छी बारिश की प्रार्थना की गई।

Post a Comment

0 Comments