धैर्य गोस्वामी ने 5 माह के प्रशिक्षण में रचा इतिहास, बने स्टेट चैंपियन।
रतलाम- 14 से 22 जुलाई 2026 तक मध्यप्रदेश स्टेट राइफल एसोसिएशन द्वारा इंदौर स्थित एमराल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित 29वीं मध्यप्रदेश स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप में होनहार निशानेबाज धैर्य गोस्वामी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 2 स्वर्ण, 1 रजत एवं 1 कांस्य सहित कुल 4 पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का शानदार परिचय दिया और स्टेट चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
इस उपलब्धि की सबसे खास बात यह रही कि धैर्य ने महज 5 माह के प्रशिक्षण में ही यह मुकाम हासिल कर लिया, जो अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है। उनकी इस सफलता ने सभी को प्रभावित किया और यह साबित किया कि लगन, अनुशासन और सही मार्गदर्शन के साथ कम समय में भी बड़ी सफलता प्राप्त की जा सकती है।
धैर्य गोस्वामी वर्तमान में रतलाम स्थित Aimers Shooting Academy में स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (SAI) से एनएस-एनआईएस, पटियाला प्रमाणित कोच भूपेंद्र सिंह सिसोदिया के मार्गदर्शन में नियमित प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।
अपनी इस शानदार सफलता पर धैर्य ने इसका पूरा श्रेय अपने कोच श्री भूपेंद्र सिंह सिसोदिया को देते हुए कहा, "सिर्फ पांच महीनों में जो भी उपलब्धि मुझे मिली है, वह मेरे कोच के मार्गदर्शन, उनकी मेहनत और मुझ पर किए गए विश्वास का परिणाम है। उनके बिना यह सफलता संभव नहीं थी।"
इस अवसर पर कोच भूपेंद्र सिंह सिसोदिया ने कहा, "धैर्य ने बहुत कम समय में अपनी मेहनत, अनुशासन और सीखने की इच्छा से यह साबित कर दिया कि समर्पण के साथ किया गया अभ्यास हमेशा सफलता दिलाता है। हमें विश्वास है कि वह भविष्य में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी शानदार प्रदर्शन करेंगे।"
धैर्य की इस उपलब्धि पर उनके परिजनों, खेल प्रेमियों एवं शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।

Post a Comment
0 Comments