अमर क्रांतिकारी चंद्रशेखर आज़ाद की जयंती पर भाजयुमो का प्रेरणादायी आयोजन।
सैलाना। अमर क्रांतिकारी चंद्रशेखर आज़ाद की जयंती के अवसर पर भारतीय जनता युवा मोर्चा द्वारा भाजपा जिला कार्यालय में श्रद्धा, सम्मान और राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सर्वप्रथम भाजपा एवं भाजयुमो के पदाधिकारियों ने अमर शहीद चंद्रशेखर आज़ाद के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा उनके अदम्य साहस, राष्ट्रप्रेम, त्याग और बलिदान को नमन किया। इस अवसर पर उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि चंद्रशेखर आज़ाद का संपूर्ण जीवन मातृभूमि की स्वतंत्रता के लिए समर्पित रहा। उन्होंने अपने अद्वितीय साहस, स्वाभिमान और बलिदान से देश के युवाओं के सामने ऐसा आदर्श प्रस्तुत किया, जो आज भी राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा देता है। वक्ताओं ने युवाओं से उनके जीवन मूल्यों को आत्मसात करते हुए राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में विशेष रूप से नवनिर्वाचित भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष अनुकूल सोनी का भी स्वागत किया गया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि युवा मोर्चा संगठन के माध्यम से युवाओं को राष्ट्रवाद, सेवा और सामाजिक दायित्वों से जोड़ते हुए संगठन को नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ाने का कार्य करेगा। उन्होंने अमर क्रांतिकारी चंद्रशेखर आज़ाद के आदर्शों पर चलने का संकल्प दोहराया।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय, महापौर प्रहलाद पटेल, भाजपा जिला उपाध्यक्ष जुबिन जैन, भाजयुमो जिला अध्यक्ष अनुकूल सोनी, भाजयुमो जिला महामंत्री एवं कार्यक्रम प्रभारी कृष्णा डिंडोर, सहप्रभारी सत्यजीत सिंह राजावत सहित भारतीय जनता युवा मोर्चा के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन अमर शहीद चंद्रशेखर आज़ाद के आदर्शों पर चलने तथा राष्ट्रहित एवं समाजसेवा के लिए निरंतर कार्य करने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ। उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं ने "भारत माता की जय" और "वंदे मातरम्" के उद्घोष के साथ अमर क्रांतिकारी को श्रद्धासुमन अर्पित किए।

Post a Comment
0 Comments