Type Here to Get Search Results !
search tv halchal

तीन दिवसीय जन कल्याण शिविर का समापन, अंतिम दिन उमड़ी लोगों की भीड़।

तीन दिवसीय जन कल्याण शिविर का समापन, अंतिम दिन उमड़ी लोगों की भीड़।


 सैलाना। शासन की जनहितकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने एवं उनकी समस्याओं के त्वरित निराकरण के उद्देश्य से आयोजित तीन दिवसीय जन कल्याण शिविर का रविवार को सफलतापूर्वक समापन हुआ। शिविर के अंतिम दिन बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं नगर क्षेत्र के नागरिक अपनी समस्याओं एवं विभिन्न योजनाओं के आवेदन लेकर पहुंचे। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा आमजन को शासन की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र हितग्राहियों से आवेदन प्राप्त किए गए। इस दौरान राजस्व, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, नगर परिषद, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, सामाजिक न्याय सहित अन्य विभागों के अधिकारियों ने लोगों की समस्याएं सुनीं और उनका त्वरित निराकरण करने का प्रयास किया। शिविर में प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, लाड़ली बहना योजना, श्रमिक पंजीयन, राजस्व संबंधी प्रकरणों तथा अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत बड़ी संख्या में आवेदन प्राप्त हुए। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को समय-सीमा में निराकरण के निर्देश भी दिए। तहसीलदार कुलभूषण शर्मा ने बताया कि जन कल्याण शिविर का मुख्य उद्देश्य शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना तथा आमजन की समस्याओं का मौके पर ही निराकरण करना है। उन्होंने कहा कि शिविर के दौरान प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार परीक्षण कर पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा। साथ ही लोगों को योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें जागरूक करने का भी प्रयास किया गया है।उन्होंने यह भी कहा कि शासन का उद्देश्य प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। ऐसे शिविरों के माध्यम से लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध हो रही हैं, जिससे उन्हें कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते।

समापन के अवसर पर तहसीलदार कुलभूषण शर्मा, जनपद पंचायत सीईओ रिया गेरा, नगर परिषद सीएमओ मनोज शर्मा, कार्यपालिक मजिस्ट्रेट पारस वैश्य, नायब तहसीलदार रामकलेश साकेत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे। शिविर में उपस्थित नागरिकों ने शासन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से आमजन की समस्याओं का समाधान सरल एवं त्वरित रूप से हो रहा है तथा विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी एक ही स्थान पर प्राप्त हो रही है।

Post a Comment

0 Comments