Type Here to Get Search Results !
search tv halchal

सुदामा चरित्र एवं उद्धव-श्रीकृष्ण संवाद सुन भाव-विभोर हुए श्रद्धालु

सुदामा चरित्र एवं उद्धव-श्रीकृष्ण संवाद सुन भाव-विभोर हुए श्रद्धालु।

सैलाना। पुरुषोत्तम (अधिक) मास के पावन उपलक्ष्य में ओशीन परिसर में आयोजित सप्त दिवसीय संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा के समापन पर कथा व्यास पंडित कुलदीप गुरु के मुखारविंद से सुदामा चरित्र तथा उद्धव जी एवं श्रीकृष्ण के दिव्य संवाद का भावपूर्ण एवं प्रेरणादायी वर्णन किया गया।

कथा के दौरान पंडित कुलदीप गुरु ने सुदामा चरित्र का वर्णन करते हुए बताया कि सच्ची मित्रता, प्रेम और समर्पण का सर्वोत्तम उदाहरण भगवान श्रीकृष्ण और सुदामा की मित्रता है। सुदामा जी की निर्धनता के बावजूद उनके मन में भगवान के प्रति अटूट श्रद्धा और प्रेम था। भगवान श्रीकृष्ण ने अपने बालसखा सुदामा का जिस प्रेम और आदर से स्वागत किया, वह दर्शाता है कि प्रभु भक्त के भाव के भूखे होते हैं, वैभव के नहीं।

इसके पश्चात उद्धव जी और श्रीकृष्ण के संवाद का वर्णन करते हुए बताया कि भगवान श्रीकृष्ण ने उद्धव जी को ज्ञान, वैराग्य और भक्ति का महत्व समझाया। श्रीकृष्ण ने संदेश दिया कि मनुष्य को संसार में रहते हुए भी अपने मन को भगवान की भक्ति में लगाना चाहिए। कथा के माध्यम से श्रद्धालुओं को प्रेम, भक्ति, सेवा और सदाचार का संदेश प्रदान किया गया।

कथा के दौरान यजमान के रूप में राजेंद्र पाराशर एवं शशि पाराशर, डॉ. दीपक जोशी, क्रांति जोशी तथा उनके परिवारजनों द्वारा विधि-विधान से श्रीमद्भागवत महापुराण की पोथी का पूजन-अर्चन किया गया। इस अवसर पर कथा व्यास पंडित कुलदीप गुरु भट्ट का आशीर्वाद प्राप्त कर परिवारजनों ने क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना की।

बुधवार को कथा स्थल पर रतलाम- झाबुआ-अलीराजपुर संसदीय क्षेत्र की लोकप्रिय सांसद बहन अनिता नागर सिंह चौहान भी पहुंचीं। उन्होंने श्रीमद्भागवत महापुराण की पोथी का पूजन कर कथा व्यास पंडित कुलदीप गुरु भट्ट का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक मूल्यों और सनातन धर्म की अमूल्य धरोहर है। ऐसी कथाओं के आयोजन से समाज में नैतिकता, संस्कार और धर्म के प्रति आस्था का संचार होता है तथा युवा पीढ़ी को सकारात्मक दिशा मिलती है।

इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय, अनुसूचित जनजाति मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक श्रीमती संगीता चारेल, जनपद अध्यक्ष श्रीमती कैलाशी चारेल तथा मंडल अध्यक्ष पंकज राठौर सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने पोथी पूजन कर कथा व्यास का आशीर्वाद प्राप्त किया तथा कथा श्रवण कर धर्म लाभ लिया।

संगीतमय भजनों एवं मधुर कथावाचन से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। कथा श्रवण के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों से पूरा पांडाल गूंज उठा। कथा के समापन पर श्रद्धालुओं ने धर्म, भक्ति और सदाचार के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

Post a Comment

0 Comments