सैलाना नगर परिषद को मिली नई सीएमओ, नीतू सिंह संभालेंगी पदभार; मनोज कुमार शर्मा का राऊ स्थानांतरण।
सैलाना- मध्य प्रदेश शासन के नगरीय विकास एवं आवास विभाग, मंत्रालय द्वारा जारी स्थानांतरण आदेश के तहत प्रशासनिक कार्य सुविधा को दृष्टिगत रखते हुए प्रदेश के विभिन्न प्रभारी एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। इसी क्रम में सैलाना नगर परिषद को नई मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) के रूप में नीतू सिंह की पदस्थापना की गई है।
जारी आदेश के अनुसार नीतू सिंह, जोकी इससे पूर्व नगर परिषद मझौली, जिला जबलपुर में पदस्थ थीं, अब आगामी आदेश तक नगर परिषद सैलाना का कार्यभार संभालेंगी। उनके आने से नगर परिषद के प्रशासनिक कार्यों में नई गति और प्रभावी संचालन की उम्मीद जताई जा रही है।
वहीं नगर परिषद सैलाना में प्रभारी मुख्य नगर पालिका अधिकारी के रूप में कार्यरत मनोज कुमार शर्मा का स्थानांतरण उनके मूल पद पर कर दिया गया है। उन्हें राजस्व उप निरीक्षक के पद पर नगर परिषद राऊ, जिला इंदौर में पदस्थ किया गया है।
राज्य शासन ने यह स्थानांतरण प्रशासनिक आवश्यकता और कार्य सुविधा को ध्यान में रखते हुए तत्काल प्रभाव से लागू किए हैं।
स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों को नई प्रभारी सीएमओ से नगर परिषद के विकास कार्यों, स्वच्छता व्यवस्था, पेयजल, सड़क, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य जनहित योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन की अपेक्षा है। वहीं मनोज कुमार शर्मा के कार्यकाल में किए गए विकास कार्यों और प्रशासनिक योगदान को भी नगर परिषद क्षेत्र में याद किया जा रहा है।

Post a Comment
0 Comments