खाद के दामों में वृद्धि और डीजल संकट को लेकर कांग्रेस ने सौंपा ज्ञापन।
सैलाना। खाद की लगातार बढ़ती कीमतों, डीएपी खाद की कमी, ऑनलाइन टोकन व्यवस्था की समस्याओं तथा डीजल की अनुपलब्धता से किसानों को हो रही परेशानियों को लेकर जिला कांग्रेस अध्यक्ष हर्षविजय गहलोत के नेतृत्व में राज्यपाल के नाम तहसीलदार कुलभूषण शर्मा को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया गया कि वर्तमान में खाद, कृषि संसाधनों एवं कृषि दवाइयों की कीमतों में लगातार वृद्धि होने से किसान आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। पिछले सीजन में सोयाबीन की फसल लगभग नष्ट होने तथा गेहूं का रकबा कम रहने से किसानों की आर्थिक स्थिति पहले से ही कमजोर है। ऐसे में खाद के दामों में हुई भारी बढ़ोतरी ने उनकी चिंताओं को और बढ़ा दिया है। ज्ञापन के अनुसार 20:20:13 खाद का मूल्य 1450 रुपये से बढ़कर 2100 रुपये तथा 12:32:16 खाद का मूल्य 1450 रुपये से बढ़कर लगभग 2400 रुपये हो गया है। वहीं एसएसपी खाद का मूल्य 425 रुपये से बढ़कर 525 रुपये तक पहुंच गया है। इसके अलावा डीएपी खाद की पर्याप्त उपलब्धता नहीं होने से किसानों को समय पर खाद नहीं मिल पा रहा है। किसानों ने बताया कि ऑनलाइन टोकन प्रणाली में बार-बार सर्वर डाउन होने से खाद वितरण प्रभावित हो रहा है। साथ ही जिले में बड़ी संख्या में किसानों की ई-केवाईसी नहीं होने तथा आदिवासी क्षेत्रों में पट्टे की भूमि पर खेती करने वाले किसानों को भी खाद प्राप्त करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि वर्तमान में क्षेत्र में डीजल की कमी के कारण किसानों को खेतों की जुताई और बोवनी की तैयारियों में परेशानी हो रही है। सैलाना आदिवासी क्षेत्र होने तथा पेट्रोल पंपों की संख्या कम होने से ग्रामीण किसानों को अतिरिक्त दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। शासन के निर्देशों के कारण केनों में डीजल नहीं मिलने से किसान समय पर कृषि कार्य नहीं कर पा रहे हैं।
किसानों ने मांग की है कि खाद की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, बढ़ी हुई कीमतों पर नियंत्रण किया जाए, ऑनलाइन टोकन व्यवस्था को सरल बनाया जाए तथा किसानों को पर्याप्त डीजल उपलब्ध कराने के साथ केनों में डीजल देने की व्यवस्था भी लागू की जाए, ताकि वे समय पर बोवनी और अन्य कृषि कार्य कर सकें।
इस दौरान किसान कांग्रेस अध्यक्ष किशोर पाटीदार,जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष जगदीश पाटीदार, नगर परिषद अध्यक्ष चैतन्य शुक्ला
हेमंत कुमावत,हनी गेहलोत आदि कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे।

Post a Comment
0 Comments