खाद-बीज, स्वास्थ्य व निवेश क्षेत्र के विरोध में BAP का कलेक्ट्रेट घेराव, बैरिकेड तोड़ पहुंचे प्रदर्शनकारी।
रतलाम। खाद-बीज की किल्लत, पेट्रोल-डीजल, स्वास्थ्य, शिक्षा और रतलाम निवेश क्षेत्र (इन्वेस्टमेंट रीजन) सहित विभिन्न स्थानीय मुद्दों को लेकर बुधवार को भारत आदिवासी पार्टी (BAP) के विधायक कमलेश्वर डोडियार के नेतृत्व में सैकड़ों आदिवासियों ने कलेक्ट्रेट का घेराव किया। सैलाना विधानसभा क्षेत्र से निकले प्रदर्शनकारियों ने रास्ते में लगाए गए कई पुलिस बैरिकेड्स तोड़ते हुए कलेक्ट्रेट के मुख्य द्वार तक पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया।
सैलाना क्षेत्र से आदिवासी किसान और युवा रैली के रूप में पैदल एवं वाहनों से रतलाम पहुंचे। प्रशासन ने कानून-व्यवस्था का हवाला देते हुए रैली को बीच रास्ते रोकने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी नहीं माने। अंबेडकर सर्किल और अन्य स्थानों पर भारी पुलिस बल व बैरिकेडिंग के बावजूद प्रदर्शनकारी आगे बढ़ते रहे।
कलेक्ट्रेट के बाहर दिया धरना
कलेक्ट्रेट पहुंचने से पहले पुलिस ने मुख्य द्वार पर अंतिम बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को रोक लिया। इसके बाद विधायक कमलेश्वर डोडियार के नेतृत्व में सभी प्रदर्शनकारी कलेक्ट्रेट के बाहर धरने पर बैठ गए और जमकर नारेबाजी की। इस दौरान केशु निनामा एवं चंदू मईड़ा सहित कई आदिवासी नेताओं ने सभा को संबोधित किया।
प्रदर्शनकारी जिला कलेक्टर मिशा सिंह को मौके पर बुलाकर ज्ञापन सौंपने की मांग पर अड़े रहे। बाद में मुख्यमंत्री एवं कलेक्टर के नाम 48 सूत्रीय ज्ञापन एडीएम बृजेंद्र सिंह तथा ग्रामीण एएसपी विवेक कुमार लाल को सौंपा गया।
48 सूत्रीय ज्ञापन में प्रमुख मांगें
ज्ञापन में आदिवासी अधिकारों एवं क्षेत्रीय विकास से जुड़ी मांगें शामिल की गईं। प्रमुख मांगों में अनुसूचित क्षेत्र में ग्राम सभा की अनुमति के बिना भूमि अधिग्रहण पर रोक, खाद-बीज की कालाबाजारी पर कार्रवाई, ई-टोकन एवं फार्मर रजिस्ट्री की विसंगतियों का निराकरण, सरवन, शिवगढ़, बासिन्द्रा एवं रावटी में नगद खाद बिक्री केंद्र शुरू करना, रतलाम-बांसवाड़ा मार्ग का फोरलेन निर्माण तथा ग्रामीण सड़कों की मरम्मत शामिल है।
इसके अलावा सैलाना अस्पताल के जीर्णोद्धार, रावटी, शिवगढ़ एवं सरवन पीएचसी को सीएचसी में उन्नत करने, डॉक्टरों की कमी दूर करने, सैलाना में कृषि महाविद्यालय की स्थापना, स्कूलों में रिक्त शिक्षकों के पद भरने तथा सीएम राइज स्कूलों में आदिवासी विद्यार्थियों के लिए बस सुविधा शुरू करने की मांग भी की गई।
विधायक ने दी आंदोलन तेज करने की चेतावनी
विधायक कमलेश्वर डोडियार ने कहा कि सैलाना विधानसभा क्षेत्र के लोग लंबे समय से प्रशासनिक उदासीनता और मूलभूत सुविधाओं के अभाव से परेशान हैं। यदि 48 सूत्रीय मांगों पर संबंधित विभागों की संयुक्त बैठक बुलाकर समयबद्ध कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।

Post a Comment
0 Comments