वार्ड क्रमांक 6 के रहवासियों ने सीसी रोड व नाली निर्माण की मांग को लेकर सौंपा आवेदन।
सैलाना। नगर परिषद सैलाना के वार्ड क्रमांक 6 के रहवासियों ने क्षेत्र में सीसी रोड एवं नाली निर्माण की मांग को लेकर नगर परिषद अध्यक्ष चैतन्य शुक्ला को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में नागरिकों ने बताया कि हनुमान मंदिर से बायपास टंकी चौराहा तक सड़क एवं नाली की उचित व्यवस्था नहीं होने से क्षेत्रवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
रहवासियों के अनुसार बारिश के दिनों में सड़क पर पानी भर जाता है तथा गंदा पानी जमा होने से आवागमन प्रभावित होता है। नाली नहीं होने के कारण गंदा पानी सड़कों पर बहता रहता है, जिससे गंदगी फैलने के साथ विभिन्न बीमारियों का खतरा भी बना रहता है। क्षेत्र के स्कूली बच्चों, बुजुर्गों एवं महिलाओं को विशेष रूप से आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
ज्ञापन में बताया गया कि कई बार जलभराव की स्थिति बनने से दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है, जिससे वार्डवासियों में लगातार असंतोष व्याप्त है। नागरिकों ने नगर परिषद से मांग की है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए वार्ड क्रमांक 6 में शीघ्र सीसी रोड एवं नाली निर्माण कार्य कराया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को समस्या से राहत मिल सके।
इस दौरान वार्ड के कई रहवासियों ने आवेदन पर हस्ताक्षर कर अपनी सहमति जताई और नगर परिषद से जल्द कार्रवाई की अपेक्षा की।

Post a Comment
0 Comments