नगर में हादसे रोकने को मुहिम, 15 वार्डों में खतरनाक पेड़ों की कटाई छंटाई शुरू।
सैलाना। गत दिवस बस स्टैंड पर नीम का पेड़ गिरने से दो लोगों के घायल होने और शासकीय बालक उत्कृष्ट माध्यमिक विद्यालय के बाहर पीपल का पेड़ भरभराकर गिरने की घटनाओं के बाद नगर परिषद हरकत में आ गई है। नगर परिषद और वन विभाग के अमले ने संयुक्त रूप से पूरे नगर का सर्वे कर ऐसे पेड़ों को चिह्नित किया है जो अपने वजन या जर्जर हालत के कारण कभी भी गिर सकते हैं।
सर्वे के बाद अब वार्ड क्रमांक 1 से लेकर वार्ड क्रमांक 15 तक विभिन्न स्थानों पर इन खतरनाक पेड़ों की कटाई का काम शुरू कर दिया गया है। नगर परिषद सीएमओ मनोज शर्मा ने बताया कि नागरिकों की सुरक्षा सर्वोपरि है। कुछ दिन पहले बस स्टैंड पर नीम का पेड़ अचानक गिरने से दो लोग घायल हो गए थे। उसके चार दिन बाद ही उत्कृष्ट विद्यालय के बाहर पीपल का पेड़ गिर गया, हालांकि गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई।
नागरिकों के आह्वान पर कार्रवाई
लगातार हुई इन दोनो घटनाओं के बाद नागरिकों ने नगर परिषद से बड़े और जर्जर पेड़ों को हटाने की मांग की थी। नागरिकों के आह्वान पर अब नगर परिषद ने वन विभाग की सहमति लेकर कटाई छंटाई का काम तेज कर दिया है।
बिजली विभाग भी अलर्ट
पेड़ काटते समय विद्युत विभाग के कर्मचारी भी मौके पर मौजूद रहते हैं। इसका मकसद यह है कि यदि कटाई के दौरान बिजली के तार टूटते हैं या कोई फॉल्ट आता है तो उसे तुरंत दुरुस्त किया जा सके। इससे बिजली आपूर्ति बाधित नहीं होगी और कोई बड़ा हादसा भी नहीं होगा।
सिर्फ खतरनाक पेड़ ही कटेंगे
नगर परिषद ने स्पष्ट किया है कि अंधाधुंध कटाई नहीं की जा रही। केवल उन्हीं पेड़ों को हटाया जा रहा है जो पूरी तरह सूख चुके हैं, खोखले हो गए हैं या झुके हुए हैं और कभी भी गिरकर जान-माल का नुकसान कर सकते हैं। वन विभाग की टीम हर पेड़ का निरीक्षण कर अनुमति दे रही है। नगर परिषद ने नागरिकों से अपील की है कि यदि उनके क्षेत्र में कोई पेड़ खतरनाक स्थिति में है तो तुरंत परिषद कार्यालय में सूचना दें ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

Post a Comment
0 Comments