सैलाना नगर में पूज्य संत का भव्य आगमन, श्रद्धालुओं ने किया आत्मीय स्वागत।
सैलाना- शनिवार को सैलाना नगर आध्यात्मिक उल्लास और भक्तिमय वातावरण से सराबोर हो उठा, जब उज्जैन की पावन धरा से पधारे स्वामी शांतिस्वरूपानंद गिरी जी महाराज का रतलाम की ओर से होते हुए सरवन राम कथा में उपस्थित होने जाते समय नगर आगमन हुआ। निरंजनी अखाड़े के महामण्डलेश्वर परम पूज्य गुरुदेव श्रीश्री 1008 स्वामी शांतिस्वरूपानंद गिरी जी महाराज के आगमन पर श्रद्धालुओं एवं नगरवासियों ने हर्षोल्लास के साथ उनका स्वागत किया।
गुरुदेव का आगमन नगर के एक निजी निवासी के निवास पर हुआ, जहां सुबह से ही भक्तों और श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी थी। जैसे ही गुरुदेव सैलाना पहुंचे, श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा, माल्यार्पण एवं जयकारों के साथ उनका अभिनंदन किया। पूरे क्षेत्र में “हर हर महादेव” और “गुरुदेव की जय” के उद्घोष गूंजते रहे, जिससे वातावरण पूर्णतः भक्तिमय हो गया।
इस अवसर पर पूज्य गुरुदेव ने उपस्थित श्रद्धालुओं को धर्म, संस्कृति एवं मानव जीवन के मूल्यों पर अपने प्रेरणादायी विचारों से मार्ग दर्शन प्रदान किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में समाज को आध्यात्मिक चेतना, संस्कार और आपसी सद्भाव की अत्यंत आवश्यकता है। गुरुदेव ने युवाओं से भारतीय संस्कृति और सनातन परंपराओं से जुड़े रहने का आह्वान किया।
श्रद्धालुओं ने गुरुदेव का आशीर्वाद प्राप्त कर अपने जीवन को धन्य बताया। महिलाओं, युवाओं एवं बुजुर्गों सहित बड़ी संख्या में भक्तजन उपस्थित रहे। इसी दौरान अडवानीया आश्रम से श्रीश्री 1008 आनंद गिरि महाराज सहित संत उपस्थित थे।

Post a Comment
0 Comments