आपातकाल दिवस कार्यक्रम में सैलाना के शांतिलाल संघवी करेंगे अध्यक्षता, होगा सम्मान।
सैलाना। सैलाना के वरिष्ठ लोकतंत्र सेनानी एवं मीसा बंधु के नाम से प्रसिद्ध शांतिलाल संघवी 26 जून को भोपाल में आयोजित “आपातकाल दिवस” कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। इस कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। समारोह के दौरान संघवी का सम्मान भी किया जाएगा।
वर्तमान में 94 वर्षीय शांतिलाल संघवी इंदौर में अपने ज्येष्ठ पुत्र प्रवीण संघवी के साथ निवासरत हैं। इसी दौरान लोकतंत्र सेनानी संघ के प्रदेश अध्यक्ष तपन भौमिक ने इंदौर के निपानिया स्थित उनके निवास पर पहुंचकर सौजन्य भेंट की। उन्होंने संघवी का कुशलक्षेम जाना और आगामी 26 जून को आयोजित कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए उन्हें शामिल होने का आमंत्रण दिया।
उल्लेखनीय है कि शांतिलाल संघवी ने आपातकाल के दौरान पूरे 19 माह जेल में बिताए थे। इस दौरान तपन भौमिक ने उनके साथ चर्चा करते हुए उन संघर्षपूर्ण दिनों की यादें भी साझा कीं।

Post a Comment
0 Comments