सैलाना मंडी में किसान और व्यापारी के बीच विवाद, एक घंटे नीलामी रुकी रही
सैलाना। ऊंचे भाव के लिए दूर दूर तक प्रसिद्ध सैलाना कृषि ऊपज मंडी में शनिवार को एक किसान और व्यापारी के बीच हाथापाई की नौबत गई। आक्रोशित किसानों ने एक घंटे मंडी गेट बंद कर नीलामी रुकवा दी। बाद में मंडी प्रशासन की समझाइश से मामला शान्त हुआ और नीलामी सुचारू चालू हो पाई। उधर किसानों ने मंडी सचिव रूमान सिंह भयड़िया को एक पत्र सौंप कर अपनी मांगों के निराकरण की मांग की।
ये हैं मामला
शनिवार को सैलाना निवासी किसान गोपाल पाटीदार गेहूं की ट्राली ले कर विक्रय करने सैलाना मंडी ले कर आए। गेहूं वे बाहर के एक कांटे से भी तुलवा कर लाए थे। इधर व्यापारी हितेश चंडालिया मंडी के अंदर अपने गोदाम के कांटे पर तौल की बात पर अड़े थे। इसी बात को ले कर हुई कहासुनी थोड़ी ही देर में हाथापाई में बदल गई।
गेट बन्द कर दिया
देखते ही देखते अन्य किसान भी घटना स्थल पर एकत्रित हो गए। बीच बचाव के बाद दोनों पक्षों को अलग किया गया। उधर आक्रोशित किसानों ने मंडी गेट बन्द कर नीलामी रुकवा दी। मंडी सचिव रुमानसिंह भयड़िया मौके पर पहुंचे और किसानों को समझा बुझा कर मामला शान्त कराया। एक घंटे 11 से 12 बजे तक नीलामी रुकी रही। समझाइश के बाद 12 बजे नीलामी शुरू हुई।
पत्र दिया
बाद में कई किसानों ने मंडी सचिव रुमानसिंह भयड़िया के चैम्बर में जा कर उन्हें एक पत्र दिया और मंडी परिसर के नीलामी शेड में रखी व्यापारियों की कृषि ऊपज हटवाने की मांग की। साथ ही इस प्रकार की घटना आगे नहीं हो,ये सुनिश्चित करने की भी मांग की गई।
छोटा सा मामला था, निपट गया
मंडी सचिव रुमानसिंह भयड़िया ने बताया कि मंडी चलाने में किसान,व्यापारी, हम्माल, तुलावटी सबका योगदान होता हैं। छोटा सा मामला था। समझाइश से निपट गया। व्यापारियों को लिखित में दे दिया गया हैं कि नीलामी शेड से अपना मॉल हटाए। आज वाला विवाद खत्म समझा जाए।

Post a Comment
0 Comments