सैलाना क्षेत्र में फिर किसी जंगली जानवर ने बैल मारा।
सैलाना- क्षेत्र के जंगलों में एक बार पुनः किसी अज्ञात जंगली जानवर के द्वारा एक बैल का शिकार करने की खबर प्रकाश में आई है।
पहले भी कई बार सैलाना के जंगलों में तेंदुआ या कोई अन्य हिंसक जंगली जानवर इस प्रकार की वारदातें कर चुका है। बहरहाल वन विभाग ने शेर, तेंदुए या बाघ होने की कोई पुष्टि नहीं की है। बस विभाग ने यह स्वीकारा है कि किसी जंगली जानवर ने बैल का शिकार किया है।
जानकारी के अनुसार जनपद पंचायत सैलाना की ग्राम पंचायत बरडा के ग्राम ओदरण में मंगलवार व बुधवार की दरमियानी रात भारत पिता केसारा भाभर नामक ग्रामीण के घर के बाहर बंधा हुआ बैल बुधवार की सुबह किसी अज्ञात जंगली जानवर द्वारा मारा हुआ मिला। यह जानकारी भारत आदिवासी पार्टी के ब्लॉक शिवगढ़ उपाध्यक्ष सीताराम भाभर ने दी। उनका कहना है कि क्षेत्र में शेर है और वह कई बार पूर्व में भी बकरा, बकरियों व अन्य पशुओं का शिकार कर चुका है। अनेक बार जानकारी देने के बावजूद भी वन विभाग अभी तक इस मामले में कोई सक्रिय पहल नहीं कर पाया। बीती रात भी बैल का शिकार हो गया। उधर पीड़ित भारत ने मुआवजे की मांग करते हुए आवश्यक कानूनी कार्रवाई की भी मांग की है। इधर शिवगढ़ रेंज के रेंजर विष्णु पाटीदार ने इस बात की तो पुष्टि की है कि ग्राम ओदरण में एक बैल का शिकार हुआ। लेकिन पाटीदार शेर, बाघ या तेंदुए के हमले की पुष्टि नहीं करते हैं। वे कहते हैं कि जांच के पश्चात ही यह बताया जा सकता है कि इस बैल को किस जानवर ने मारा। हो सकता है, कोई छोटा-मोटा जानवर जरक आदि भी हो।
इससे अधिक हमारे जिला अधिकारी ही बता पाएंगे।

Post a Comment
0 Comments