Type Here to Get Search Results !
search tv halchal

सैलाना में लोन विवाद ने लिया उग्र रूप: मारपीट के बाद 45 मिनट चक्काजाम, प्रबंधन पर मारपीट केस दर्ज।

सैलाना में लोन विवाद ने लिया उग्र रूप: मारपीट के बाद 45 मिनट चक्काजाम, प्रबंधन पर मारपीट केस दर्ज।

सैलाना। प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति में शनिवार दोपहर लोन राशि को लेकर शुरू हुआ विवाद अचानक उग्र हो गया और देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। घटना के विरोध में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने करीब 45 मिनट तक चक्काजाम कर दिया, जिससे क्षेत्र में यातायात प्रभावित रहा। बाद में समझाइश के बाद जाम समाप्त हुआ।

जानकारी के अनुसार खरीफ फसलों के ऋण जमा करने का अंतिम दिन होने के कारण समिति में भारी भीड़ थी। इसी दौरान ठेकेदार विशाल राठौड़ ने अपना काम जल्दी कराने को लेकर सहायक प्रबंधक निर्मल रावरिया से बहस की, जो बढ़ते-बढ़ते हाथापाई में बदल गई। बताया जा रहा है कि विशाल राठौड़, भाजपा मंडल अध्यक्ष पंकज राठौड़ के करीबी हैं।

घटना की सूचना मिलते ही पंकज राठौड़ अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे। विशाल राठौड़ ने आरोप लगाया कि सहायक प्रबंधक ने अपने रिश्तेदारों को बुलाकर उनके साथ मारपीट करवाई। वहीं समिति प्रबंधक प्रेमसिंह रावत का कहना है कि पहले विशाल राठौड़ ने ही सहायक प्रबंधक का कॉलर पकड़कर मारपीट की और शासकीय कार्य में बाधा डाली।

विवाद बढ़ने पर भाजपा नेताओं ने समिति के बाहर सड़क पर वाहन खड़े कर चक्काजाम कर दिया। करीब पौने एक घंटे तक चले इस हंगामे से यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित रही।

जाम समाप्त होने के बाद भाजपा नेता और कार्यकर्ता थाने पहुंचे, जहां प्रबंधक और नेताओं के बीच तीखी बहस व झड़प भी हुई।

थाना प्रभारी पिंकी आकाश के अनुसार सहायक प्रबंधक निर्मल रावरिया के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज किया गया है। वहीं प्रबंधक की शिकायत पर विशाल राठौड़ के खिलाफ भी मारपीट और शासकीय कार्य में बाधा डालने के आरोपों की जांच की जा रही है।

Post a Comment

0 Comments