सड़क किनारे गर्भवती महिला की डिलीवरी, सास ने दिखाई हिम्मत।
सैलाना। धामनोद बायपास पर शुक्रवार रात करीब 8:30 बजे एक गर्भवती महिला की सड़क किनारे ही डिलीवरी हो गई। इस दौरान महिला की बड़ी सास ने साहस का परिचय देते हुए सुरक्षित प्रसव करवाया। सूचना मिलने पर डायल-112 टीम मौके पर पहुंची और जच्चा-बच्चा दोनों को अस्पताल पहुंचाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिवगढ़ क्षेत्र के गांव जूनापाड़ा निवासी दुर्गा अपने पति बना सिंगाड़ के साथ सेजावता में रहकर मजदूरी करती है। शुक्रवार रात प्रसव पीड़ा शुरू होने पर पति उसे बाइक से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सैलाना लेकर जा रहा था। इसी दौरान धामनोद बायपास पर दर्द अचानक तेज हो गया, जिससे पति को वाहन रोकना पड़ा।
महिला के साथ आ रही बड़ी सास मांगूबाई ने परिस्थिति को संभालते हुए सड़क किनारे ही सुरक्षित प्रसव करवाया। इसके बाद पति ने तत्काल डायल-112 पर कॉल कर मदद मांगी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और महिला व नवजात को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सैलाना पहुंचाया, जहां फिलहाल दोनों की स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
डायल-112 टीम में चालक अकरम पठान और प्रधान आरक्षक रामचंद्र शामिल रहे, जिनकी तत्परता से समय पर सहायता मिल सकी।

Post a Comment
0 Comments