सैलाना में समर्थन मूल्य पर चना और मसूर की खरीदी का शुभारंभ।
सैलाना क्षेत्र में किसानों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है, जहां मार्केटिंग सोसायटी संस्था पर समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर चना और मसूर की खरीदी का विधिवत शुभारंभ कर दिया गया है। इससे क्षेत्र के किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिलने का मार्ग प्रशस्त हुआ है।
केंद्र के प्रबंधक सुरेंद्र सिंह राठौर ने जानकारी देते हुए बताया कि मध्यप्रदेश शासन द्वारा चना का समर्थन मूल्य 5875 रुपये प्रति क्विंटल तथा मसूर का 7000 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे शासन द्वारा तय मापदंडों के अनुसार अपनी उपज लेकर केंद्र पर आएं, ताकि उन्हें बिना किसी परेशानी के समर्थन मूल्य का लाभ मिल सके।
खरीदी कार्य का शुभारंभ पारंपरिक विधि से तोल कांटे की पूजा-अर्चना कर किया गया। इसके बाद उसरगार के किसान मन्नालाल पाटीदार की उपज खरीदकर खरीदी प्रक्रिया की शुरुआत की गई। इस अवसर पर प्रबंधक राठौर द्वारा किसान का स्वागत कर उन्हें सम्मानित भी किया गया।
केंद्र पर व्यवस्था को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए पर्याप्त स्टाफ की तैनाती की गई है। खरीदी प्रभारी बाबूलाल मालवीय, सहायक प्रभारी राकेश कटारा, सर्वेयर अजय पाटीदार सहित अन्य कर्मचारी मौके पर उपस्थित रहे और किसानों को मार्गदर्शन प्रदान किया।
किसानों में खरीदी शुरू होने को लेकर उत्साह देखा गया। उनका कहना है कि समर्थन मूल्य पर खरीदी शुरू होने से उन्हें बाजार में कम दाम मिलने की समस्या से राहत मिलेगी और उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार होगा।


Post a Comment
0 Comments