Type Here to Get Search Results !
search tv halchal

रतलाम जिले की तीन तहसीलों में “गौ सम्मान आह्वान अभियान” को लेकर महत्वपूर्ण बैठक संपन्न।

रतलाम जिले की तीन तहसीलों में “गौ सम्मान आह्वान अभियान” को लेकर महत्वपूर्ण बैठक संपन्न।


सैलाना। भारत के सम्पूर्ण गोवंश की सेवा, सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने तथा गौमाता को राष्ट्र माता का दर्जा दिलाने के उद्देश्य से देशभर में “गौ सम्मान आह्वान अभियान”  चलाया जा रहा है। इसी क्रम में रतलाम जिले की रावटी, बाजना एवं सैलाना तहसीलों में अभियान के संबंध में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक में महामण्डलेश्वर आनंदगिरी जी महाराज एवं राष्ट्रीय गोसंत गोविन्दाचार्य जी महाराज विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने उपस्थित गौभक्तों और कार्यकर्ताओं को अभियान की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य गौमाता को राष्ट्र माता का दर्जा दिलाना तथा देशभर में गौ-हत्या को पूर्ण रूप से बंद करवाने के लिए केंद्रीय कानून बनवाना है।

उन्होंने कहा कि भारत की संस्कृति और परंपरा में गौमाता का विशेष स्थान है। गौवंश की सेवा और संरक्षण केवल धार्मिक ही नहीं बल्कि सामाजिक और आर्थिक दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसलिए साधु-संतों और गौभक्तों के संयुक्त प्रयास से यह अभियान पूरे देश में शांतिपूर्वक चलाया जा रहा है।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि 27 अप्रैल को “गौ सम्मान दिवस” के रूप में मनाया जाएगा। इस अवसर पर संपूर्ण भारतवर्ष में प्रत्येक तहसील स्तर पर भजन-कीर्तन, गौ पूजन एवं जनजागरण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम के उपरांत महामहिम राष्ट्रपति, माननीय प्रधानमंत्री, महामहिम राज्यपाल एवं माननीय मुख्यमंत्री के नाम संबोधित प्रार्थना पत्र प्रशासन के माध्यम से सौंपे जाएंगे।

बैठक में उपस्थित वक्ताओं ने सभी गौभक्तों से आह्वान किया कि वे इस अभियान से जुड़कर गौवंश की रक्षा और सम्मान के लिए आगे आएं तथा समाज में व्यापक जनजागरण करें।

बैठक में क्षेत्र के अनेक गौसेवक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गौभक्त उपस्थित रहे और अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।

Post a Comment

0 Comments