सेलून की दुकान पर तोड़फोड़, -आरोपी पर प्रकरण दर्ज।
सैलाना। नगर के व्यस्ततम घंटाघर बोदीना रोड क्षेत्र में स्थित रामद्वारा हेयर सेलून पर हुई तोड़फोड़ की घटना ने पूरे इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है।
घटना के बाद आसपास के व्यापारियों में भय और आक्रोश दोनों देखने को मिल रहे हैं। सोमवार देर शाम हुई इस वारदात ने बाजार की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सेलून संचालक राधेश्याम पिता अशोक देवड़ा निवासी दिवेल अपनी दुकान से आवश्यक सामान लेने बाजार गए हुए थे। इसी दौरान आरोपी राहुल पिता अशोक भोई, निवासी भोई मोहल्ला सैलाना, नशे की हालत में दुकान पर पहुंचा और अचानक दुकान में घुसकर तोड़फोड़ शुरू कर दी। आरोपी ने दुकान में लगे शीशे तोड़ दिए, कुर्सियों को क्षतिग्रस्त कर दिया तथा अन्य सामान को भी नुकसान पहुंचाया।
घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों ने आरोपी को रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह आक्रामक हो गया। इसी बीच पड़ोसियों ने दुकानदार राधेश्याम को फोन पर सूचना दी। सूचना मिलते ही जब राधेश्याम मौके पर पहुंचे और आरोपी से तोड़फोड़ का कारण पूछा, तो आरोपी ने उन्हें भी अपशब्द कहते हुए जान से मारने की धमकी दी। इस घटनाक्रम से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही आरक्षक फकीरचंद सोलंकी एवं तूफान सिंह भूरिया मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस आरोपी राहुल को मौके से पकड़कर थाना सैलाना लाई।
*आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज*
प्रार्थी राधेश्याम देवड़ा ने थाना सैलाना पहुंचकर आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई। एएसआई हितेंद्र सिंह परिहार ने बताया कि फरियादी की रिपोर्ट के आधार पर आरोपी राहुल भोई के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296 (बी) एवं 324 (4) के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी की गतिविधियों और घटना के पीछे के कारणों की गंभीरता से जांच की जा रही है। वहीं, इस घटना के बाद बाजार क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है और लोग सुरक्षा को लेकर चिंतित नजर आ रहे हैं।

Post a Comment
0 Comments