Type Here to Get Search Results !
search tv halchal

शिवरात्रि महोत्सव में गूंजा राजयोग का संदेश, 21 ज्योतिर्लिंग रथ से गांव-गांव पहुंचाएंगे परमात्मा का ज्ञान।

शिवरात्रि महोत्सव में गूंजा राजयोग का संदेश, 21 ज्योतिर्लिंग रथ से गांव-गांव पहुंचाएंगे परमात्मा का ज्ञान।

सैलाना। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय सैलाना द्वारा रविवार को भव्य शिवरात्रि महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आध्यात्मिक ऊर्जा और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला।

        वरिष्ठ राजयोग शिक्षिका ब्रह्माकुमारी अनिता दीदी (इंदौर) ने अपने उद्बोधन में कहा कि संस्थान द्वारा 12 ज्योतिर्लिंगों के प्रतीक स्वरूप 21 ज्योतिर्लिंग रथ के माध्यम से पूरे भारत के गांव-गांव में पहुंचकर प्रत्येक आत्मा को परमात्मा का सच्चा ज्ञान दिया जा रहा है, जिससे आत्मकल्याण का मार्ग प्रशस्त हो सके। उन्होंने उपस्थित श्रद्धालुओं को राजयोग ध्यान का अभ्यास भी करवाया और सकारात्मक जीवन जीने का संदेश दिया।


        समारोह में ब्रह्माकुमारी सविता दीदी, सेवाकेन्द्र संचालिका ब्रह्माकुमारी सावित्री दीदी रतलाम, जावरा के आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. दिलीप नलगे ने शिवरात्रि पर्व के आध्यात्मिक और सांस्कृतिक महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। प्रकाश गिरी एवं कृपानन्द जी महाराज, श्रीमती अंशु हर्षविजय गेहलोत, पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष जगदीश पाटीदार एवं वरिष्ठ अधिवक्ता कांतिलाल राठौड़ ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए आयोजन की सराहना की।

        कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत से हुई। ब्रह्माकुमारी बहनों ने अतिथियों का पुष्प गुच्छ से अभिनंदन किया। दीप प्रज्ज्वलन के साथ नन्ही बालिका कुमारी विद्या पाटीदार ने स्वागत नृत्य प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। इसके पश्चात शिव ध्वजा रोहण, शिव पूजन एवं प्रसाद (भोग) वितरण किया गया।

       कार्यक्रम का संचालन ब्रह्माकुमारी साक्षी बहन ने किया तथा आभार प्रदर्शन सैलाना केन्द्र की संचालिका बी.के. रजनी बहन ने माना। इस अवसर पर बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष एवं बच्चे उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments