Type Here to Get Search Results !
search tv halchal

सैलाना में नेबरहुड यूथ पार्लियामेंट का आयोजन

सैलाना में नेबरहुड यूथ पार्लियामेंट का आयोजन

युवाओं ने लिया नशामुक्ति का संकल्प, स्वस्थ समाज निर्माण का दिया संदेश


सैलाना (रतलाम)। मेरा युवा भारत, जिला रतलाम द्वारा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत नेबरहुड यूथ पार्लियामेंट 2026-27 का आयोजन शनिवार, 24 अक्टूबर 2026 को संदीपनी विद्यालय, सैलाना में किया गया। कार्यक्रम की मुख्य थीम “नशा मुक्त युवा” रही। इसमें युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प दिलाया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात उपस्थित अतिथियों एवं युवाओं ने नशामुक्ति की शपथ ली। सभी ने स्वयं नशे से दूर रहने और समाज के अन्य लोगों को भी नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा महिला मोर्चा की जिला उपाध्यक्ष क्रांति जोशी उपस्थित रहीं। वहीं मनोज यादव, जनजातीय जिला खेल अधिकारी, गिरीश सारस्वत, विद्यालय प्राचार्य, सैलाना तथा सौरभ श्रीवास्तव, जिला युवा अधिकारी, मेरा युवा भारत, रतलाम की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक नुकसान के प्रति जागरूक करना, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना तथा उनमें नेतृत्व क्षमता, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र निर्माण की भावना विकसित करना रहा।

युवा संसद के माध्यम से युवाओं को अपने विचार व्यक्त करने और विभिन्न सामाजिक मुद्दों पर संवाद करने का अवसर मिला। वक्ताओं ने युवाओं से नशे से दूर रहकर स्वस्थ, जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं और नशामुक्त युवा ही सशक्त समाज एवं राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

कार्यक्रम के दौरान अतिथियों का स्वागत दुर्गा शंकर मोयल, प्रीति चारपोटा एवं अशोक गोड द्वारा किया गया। कार्यक्रम का संचालन श्वेता नागर ने किया तथा अंत में दुर्गा शंकर मोयल ने आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को “नशे को दूर भगाएं, देश को बचाएं” का संदेश दिया गया। साथ ही सभी से नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने और जन-जागरूकता फैलाने की अपील की गई।

Post a Comment

0 Comments