Type Here to Get Search Results !
search tv halchal

*मारपीट में मुफद्दल के सिर में 9 टांके, बुरहान के हाथ में फ्रैक्चर, जानलेवा हमले की धारा बढ़ाने की मांग को लेकर सैलाना बंद, व्यापारियों ने सौंपा ज्ञापन*

*मारपीट में मुफद्दल के सिर में 9 टांके, बुरहान के हाथ में फ्रैक्चर, जानलेवा हमले की धारा बढ़ाने की मांग को लेकर सैलाना बंद,  व्यापारियों ने सौंपा ज्ञापन*

सैलाना। नगर में चप्पल के मोलभाव को लेकर व्यापारियों के साथ हुई मारपीट की घटना के विरोध में व्यापारी महासंघ एवं नगरवासियों ने आक्रोश जताया। विरोध स्वरूप बुधवार को सैलाना में दोपहर तक बाजार बंद रखा गया। इसके बाद व्यापारियों ने एसडीएम के नाम थाना प्रभारी दीपक मंडलोई को ज्ञापन सौंपकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। महासंघ ने चेतावनी दी कि मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं होने पर अनिश्चितकालीन बाजार बंद करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।
ज्ञापन में बताया गया कि 19 अक्टूबर को महात्मा गांधी मार्ग स्थित सेफी कटलरी स्टोर पर चप्पल के मोलभाव को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि विदेसिंह, राहुल, कपिल सहित 8 से 10 अन्य लोगों ने ताहेर पिता नजमुद्दीन बोहरा, उनके भाई मुफद्दल और चचेरे भाई बुरहान के साथ लाठियों से मारपीट की। घटना में मुफद्दल के सिर में गंभीर चोट आई, जिस पर नौ टांके लगाए गए। वहीं, बुरहान के बाएं हाथ में फ्रैक्चर होने की बात ज्ञापन में कही गई है। ताहेर के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप है।
*सीसीटीवी फुटेज से अन्य आरोपियों की पहचान की मांग*
व्यापारी महासंघ ने कहा कि घटना से व्यापारियों में भय और असुरक्षा का माहौल है। महासंघ ने दुकान पर लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग के आधार पर नामजद आरोपियों के अलावा अन्य लोगों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने की मांग की। साथ ही मामले में प्रभावी जांच कर सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग उठाई।
*जानलेवा हमले की धारा जोड़ने की मांग*
ज्ञापन के अनुसार, सैलाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 0408/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। महासंघ ने मुफद्दल के सिर में आई गंभीर चोट का हवाला देते हुए भारतीय न्याय संहिता की धारा 109 के तहत कार्रवाई करने की मांग की। इसके अलावा आरोपियों को जमानत का लाभ मिलने पर उचित कानूनी आपत्ति प्रस्तुत करने की मांग भी की गई।
*आरोपियों की संपत्ति की जांच की मांग*
महासंघ ने आरोपियों की संपत्ति की जांच कर अवैध संपत्ति पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की। ज्ञापन में आरोपियों का जुलूस निकालने की मांग का भी उल्लेख किया गया। महासंघ का कहना है कि सख्त कार्रवाई से भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने और व्यापारियों में सुरक्षा का विश्वास कायम करने में मदद मिलेगी।
*कार्रवाई नहीं हुई तो अनिश्चितकालीन बंद*
व्यापारी महासंघ ने ज्ञापन की प्रति कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक को भेजने तथा मामले की जांच में ज्ञापन को शामिल कर जनभावनाओं से न्यायालय को अवगत कराने की मांग की। महासंघ ने स्पष्ट किया कि व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और घटना में शामिल सभी आरोपियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई नहीं होने पर अनिश्चितकालीन बाजार बंद का कदम उठाया जा सकता है। इस दौरान नगर के समस्त व्यापारी संगठन, जनप्रतिनिधि, पत्रकारगण सहित आमजन मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments