Type Here to Get Search Results !
search tv halchal

आँगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका एवं आशा कार्यकर्ताओं का सम्मान, पौधरोपण और योजनाओं की जानकारी देकर दिया सेवा का संदेश

 सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत “आँगन मिलन सेवा” का प्रथम दिवस उत्साहपूर्वक संपन्न

आँगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका एवं आशा कार्यकर्ताओं का सम्मान, पौधरोपण और योजनाओं की जानकारी देकर दिया सेवा का संदेश

सैलाना। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित “सेवा संकल्प अभियान” अंतर्गत “आँगन मिलन सेवा” के प्रथम दिवस का कार्यक्रम ग्राम सुंडी में उत्साह एवं गरिमापूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य आँगनबाड़ी केंद्र को समुदाय से जोड़ते हुए महिलाओं एवं बच्चों तक पोषण, स्वास्थ्य, प्रारंभिक शिक्षा तथा शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुँचाने के लिए जनभागीदारी को मजबूत करना रहा।

कार्यक्रम जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री सुभाषचंद्र जैन के मार्गदर्शन में तथा प्रभारी परियोजना अधिकारी श्रीमती दीपा चौधरी के निर्देशन एवं पर्यवेक्षक श्रीमती कंचन त्रिवेदी के समन्वय से आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में माननीय श्री सुभाष भाभर, सभापति महिला एवं बाल विकास समिति उपस्थित रहे। साथ ही सुंडी ग्राम सरपंच श्रीमती एतरी देशवीर वसुनिया, जनपद प्रतिनिधि श्री प्रभुलाल जी, श्री कांगसी मनीष भाभर, पंचायत सचिव श्री भंवरलाल जी लबाना एवं श्री कालूसिंह वसुनिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

सेवा देने वाले कार्यकर्ताओं का सम्मान कार्यक्रम में आँगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं आशा कार्यकर्ताओं द्वारा महिला एवं बाल विकास तथा स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें श्रीफल एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर सुंडी ग्राम सरपंच एवं सभापति महोदय की ओर से कार्यकर्ताओं को सम्मान स्वरूप साड़ियाँ भी भेंट की गईं।

अतिथियों ने कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं के सेवाभाव की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने में आँगनबाड़ी एवं आशा कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है।

पौधरोपण एवं मुख्यमंत्री जी के पत्र का वाचन

कार्यक्रम के दौरान पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। साथ ही माननीय मुख्यमंत्री जी के पत्र का वाचन किया गया। उपस्थित ग्रामीणों को महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं एवं सेवाओं के प्रति जागरूक किया गया तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में उपस्थित सभी गणमान्य नागरिकों, जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामवासियों ने सेवा संकल्प अभियान को जन-जन तक पहुँचाने तथा महिलाओं एवं बच्चों के हित में संचालित सेवाओं में सक्रिय सहभागिता का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का प्रथम दिवस उत्साह, सम्मान और सेवा भावना के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

“सेवा संकल्प हमारा प्रयास,

हर आँगन तक पहुँचे विकास।”

Post a Comment

0 Comments