नयाखेड़ा में 35 वर्षीय आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की संदिग्ध मौत
*घटना से क्षेत्र में सनसनी, पुलिस ने शुरू की जांच; पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार*
सैलाना। शिवगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम नयाखेड़ा में शुक्रवार को 35 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की सूचना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान देवीबाई पति स्वर्गीय रामसिंह डामर, निवासी नयाखेड़ा के रूप में हुई है। देवीबाई विधवा थीं और नयाखेड़ा में ही आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के रूप में पदस्थ थीं।
घटना की सूचना मिलते ही शिवगढ़ थाना प्रभारी रणजीत सिंह मकवाना, उप निरीक्षक प्रतापसिंह भदौरिया सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही एडिशनल एसपी राकेश कुमार पंद्रो, रावटी थाना प्रभारी सुरेंद्र गडरिया, सरवन थाना प्रभारी अर्जुन सेमलिया तथा एफएसएल अधिकारी डॉ. अतुल मित्तल भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों और एफएसएल टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य जुटाते हुए जांच शुरू की।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए रतलाम मेडिकल कॉलेज भेजा, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
फिलहाल पुलिस मृतका के परिजनों एवं परिचितों से पूछताछ करने के साथ ही घटनास्थल के आसपास रहने वाले लोगों से भी जानकारी जुटा रही है। पुलिस द्वारा मामले से जुड़े हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है।

Post a Comment
0 Comments