सत्यनारायण मंदिर चौराहे पर अतिक्रमण हटाने की मांग, गणेश उत्सव से पहले सुरक्षा व्यवस्था की मांग।
सैलाना। नगर के व्यस्त एवं प्रमुख धार्मिक स्थल सत्यनारायण मंदिर चौराहे पर होटल एवं रेस्टोरेंट संचालकों द्वारा किए गए कथित अतिक्रमण को लेकर नगर के पार्षदों ने मोर्चा खोल दिया है। पार्षदों ने 11 सितंबर को सैलाना थाना प्रभारी एवं नगर परिषद के मुख्य नगरपालिका अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर सड़क और फुटपाथ से अवैध रूप से रखी गई सामग्री तत्काल हटाने तथा आगामी गणेश उत्सव को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने की मांग की।
ज्ञापन में पार्षदों ने बताया कि सत्यनारायण मंदिर चौराहा नगर का अत्यंत व्यस्त और प्रमुख धार्मिक स्थल है। यहां कुछ होटल एवं रेस्टोरेंट संचालकों द्वारा दुकानों की सीमा से बाहर टेबल-कुर्सियां, भट्ठियां, व्यावसायिक गैस सिलेंडर एवं काउंटर आदि रखकर सार्वजनिक सड़क और फुटपाथ पर कब्जा किए जाने से मुख्य मार्ग संकरा हो गया है। इससे दिनभर यातायात प्रभावित होने के साथ आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पार्षदों ने विशेष रूप से महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा का मुद्दा भी उठाया। ज्ञापन के अनुसार, सार्वजनिक मार्ग एवं चौराहे पर रोड़ पर कुर्सियां डालकर लोगों के बैठने तथा पुरुषों के जमावड़े से मंदिर आने वाली महिला श्रद्धालुओं, स्कूल-कॉलेज जाने वाली छात्राओं और राहगीरों को असहजता का सामना करना पड़ता है।
*गणेश पंडाल के कारण बढ़ेगी भीड़, आगजनी का भी खतरा*
पार्षदों ने ज्ञापन में बताया कि आगामी गणेश उत्सव के दौरान सत्यनारायण मंदिर चौराहे पर परंपरागत रूप से गणेश पंडाल स्थापित किया जाता है। यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में सड़क पर फैलाई गई खुली भट्टियों और गैस सिलेंडरों के कारण अग्नि दुर्घटना अथवा भगदड़ जैसी स्थिति का खतरा भी उत्पन्न हो सकता है। इससे क्षेत्र की शांति एवं कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका जताई गई है।
*तत्काल कार्रवाई और नियमित पुलिस गश्त की मांग*
ज्ञापन में नगर परिषद और पुलिस प्रशासन से संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए सड़क एवं फुटपाथ से अवैध अतिक्रमण हटाने, टेबल-कुर्सियां एवं भट्टियां हटवाने तथा सार्वजनिक स्थान पर लोगों को परेशान करने वाले तत्वों के खिलाफ कानूनी एवं प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करने की मांग की गई है। साथ ही गणेश उत्सव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए चौराहे पर नियमित पुलिस गश्त सुनिश्चित करने की मांग भी की गई।
पार्षदों ने उम्मीद जताई कि प्रशासन मामले को गंभीरता से लेते हुए गणेश उत्सव से पहले प्रभावी कार्रवाई करेगा, ताकि श्रद्धालुओं, महिलाओं, विद्यार्थियों और आम राहगीरों को सुरक्षित एवं सुगम वातावरण मिल सके।

Post a Comment
0 Comments