*बस स्टैंड चौड़ीकरण मामला:*
*जर्जर दुकानों का एसडीएम-सीएमओ ने किया निरीक्षण, प्रशासन हरकत में*
सैलाना। नगर के बहुचर्चित बस स्टैंड चौड़ीकरण मामले में गुरुवार को प्रशासन सक्रिय नजर आया। एसडीएम सुनील जायसवाल एवं नगर परिषद की सीएमओ पूजा गोयल ने बस स्टैंड स्थित जर्जर दुकानों का मौके पर निरीक्षण किया। अधिकारियों ने सुलभ कॉम्प्लेक्स के पीछे वर्षों से बंद पड़ी दुकानों की स्थिति का भी जायजा लिया। इस दौरान बस स्टैंड व्यापारी संघ और कुछ बाहरी लोगों के बीच तीखी नोकझोंक की स्थिति भी बनी, जिसे पुलिस की मौजूदगी में शांत कराया गया।
जानकारी के अनुसार, कार्यालय कलेक्टर (शहरी विकास) रतलाम द्वारा जारी निर्देशों में 6 जुलाई को विभिन्न समाचार पत्रों में प्रकाशित खबरों का संज्ञान लेते हुए सैलाना एसडीएम एवं सीएमओ को तत्काल निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए थे। पत्र में स्पष्ट रूप से कहा गया था कि जनसुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी संभावित दुर्घटना को रोकने के लिए आवश्यक कदम तत्काल उठाए जाएं। साथ ही यह भी उल्लेख किया गया कि भविष्य में किसी अप्रिय घटना की स्थिति में संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
इन्हीं निर्देशों के पालन में एसडीएम सुनील जायसवाल, सीएमओ पूजा गोयल, पीआईयू के सचिन हरित तथा नगर परिषद के उपयंत्री अमूल मोहरे ने संयुक्त रूप से बस स्टैंड क्षेत्र का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने जर्जर दुकानों के साथ-साथ सुलभ कॉम्प्लेक्स के पीछे लंबे समय से बंद पड़ी दुकानों की वर्तमान स्थिति का आकलन किया।
निरीक्षण के दौरान बाहरी लोगों के हस्तक्षेप को लेकर बस स्टैंड व्यापारी संघ के पदाधिकारियों ने आपत्ति जताई, जिससे दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हो गई। स्थिति तनावपूर्ण होती देख थाना प्रभारी पिंकी आकाश पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस की मौजूदगी में माहौल शांत हुआ, जिसके बाद प्रशासन ने निरीक्षण की प्रक्रिया पूरी की।
प्रशासन की इस कार्रवाई से संकेत मिल रहे हैं कि बस स्टैंड चौड़ीकरण तथा जर्जर दुकानों के संबंध में जल्द ही महत्वपूर्ण निर्णय लिए जा सकते हैं।
"एसडीएम सुनील जायसवाल ने बताया, " पत्र के आधार पर गुरुवार को संयुक्त दल द्वारा मौके पर जांच की गई है। वरिष्ठ अधिकारियों के दिशा-निर्देश प्राप्त होने के बाद आगामी कार्रवाई की होगी।"

Post a Comment
0 Comments