धामनोद की सीएमओ पूजा गोयल ने सैलाना नगर परिषद का अतिरिक्त प्रभार किया ग्रहण, अध्यक्ष चैतन्य शुक्ला ने किया स्वागत।
कार्यभार ग्रहण करते ही वार्डों की स्थिति, नगर विकास कार्यों की सुविधाओं की ली जानकारी।
सैलाना- धामनोद नगर परिषद की मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) पूजा गोयल ने सैलाना नगर परिषद के प्रभारी सीएमओ के रूप में अतिरिक्त प्रभार ग्रहण कर लिया है। इसके साथ ही अब वे धामनोद नगर परिषद के साथ- साथ सैलाना नगर परिषद की प्रशासनिक जिम्मेदारियों का भी निर्वहन करेंगी।
प्रभार ग्रहण करने के पश्चात सीएमओ पूजा गोयल ने नगर परिषद अध्यक्ष चैतन्य शुक्ला से मुलाकात कर नगर की वर्तमान स्थिति, विकास कार्यों एवं विभिन्न वार्डों की आवश्यकताओं के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। इस दौरान नगर के वार्डों में चल रहे विकास कार्यों, स्वच्छता व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, सड़क निर्माण, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं पर चर्चा की गई।
नगर परिषद अध्यक्ष चैतन्य शुक्ला ने सीएमओ पूजा गोयल का स्वागत करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने नगर परिषद की प्राथमिकताओं, जन अपेक्षाओं तथा लंबित विकास कार्यों के बारे में भी अवगत कराया। अध्यक्ष ने विश्वास व्यक्त किया कि पूजा गोयल के प्रशासनिक अनुभव का लाभ सैलाना नगर परिषद को मिलेगा और विकास कार्यों को नई गति प्राप्त होगी।
सीएमओ पूजा गोयल ने कहा कि नगर परिषद के कार्यों की समीक्षा कर जनहित से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर निराकृत किया जाएगा। उन्होंने नगर के समग्र विकास, स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने, नागरिक सुविधाओं के विस्तार तथा जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने की बात कही।
प्रभार ग्रहण कार्यक्रम के दौरान नगर परिषद के अधिकारी-कर्मचारी भी उपस्थित रहे। सभी ने नई जिम्मेदारी के लिए सीएमओ पूजा गोयल का स्वागत करते हुए नगर के विकास के लिए सहयोग का भरोसा दिलाया।
स्वागत सत्कार में नगर परिषद का पुरा स्टाफ मौजूद था।

Post a Comment
0 Comments