प्रयत्नजन कल्याण समिति ने किया 108 फलदार पौधों का रोपण, 1008 पौधे लगाने का लिया संकल्प।
सैलाना। पर्यावरण संरक्षण और हरित सैलाना के संकल्प को साकार करने की दिशा में प्रयत्नजन कल्याण समिति द्वारा रविवार को नगर में वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। समिति के सदस्यों ने नगर के कालिका माता रोड, कालिका माता मंदिर प्रांगण तथा मंदिर परिसर स्थित बगीचे में कुल 108 फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया।
वृक्षारोपण अभियान के दौरान जामुन, चीकू, नीम सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। समिति के सदस्यों ने पौधों के संरक्षण और नियमित देखभाल का भी संकल्प लिया, ताकि आने वाले वर्षों में ये पौधे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ लोगों को स्वच्छ एवं हरित वातावरण प्रदान कर सकें।
समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि यह अभियान केवल एक दिन तक सीमित नहीं रहेगा। प्रयत्नजन कल्याण समिति ने सैलाना नगर में 1008 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इस लक्ष्य के तहत धार्मिक स्थलों, सार्वजनिक स्थानों, विद्यालय परिसरों तथा अन्य उपयुक्त स्थानों पर चरणबद्ध तरीके से वृक्षारोपण किया जाएगा।
समिति का कहना है कि अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया जाएगा, ताकि सैलाना को हराभरा और स्वच्छ बनाने में जनभागीदारी सुनिश्चित हो सके। वृक्षारोपण कार्यक्रम में समिति के कई सदस्य एवं पर्यावरण प्रेमी उपस्थित रहे।

Post a Comment
0 Comments