Type Here to Get Search Results !
search tv halchal

महंगाई और जनसमस्याओं को लेकर कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, पुलिस से हुई नोंक-झोंक, छोड़ी पानी की बोछार।

महंगाई और जनसमस्याओं को लेकर कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, पुलिस से हुई नोंक-झोंक, छोड़ी पानी की बोछार।

रतलाम, 29 जून। भारतीय जनता पार्टी की कथित जनविरोधी नीतियों, बढ़ती महंगाई, नगर निगम में कथित भ्रष्टाचार तथा शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर सोमवार को जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में विशाल जनआक्रोश रैली निकाली गई। रैली में शहर एवं ग्रामीण क्षेत्र से हजारों कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आमजन ने भाग लेकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।
रैली प्रारंभ होने से पूर्व सैलाना बस स्टैंड स्थित कृषि उपज मंडी परिसर में सभा आयोजित की गई, जिसमें कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार पर जनहित की उपेक्षा करने का आरोप लगाया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष हर्ष विजय गहलोत ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खाद, बीज, बिजली, सिंचाई, पेट्रोल-डीजल तथा रसोई गैस जैसी मूलभूत आवश्यकताओं से किसान और आम नागरिक परेशान हैं। वहीं शहर कांग्रेस अध्यक्ष शांतिलाल वर्मा ने नगर निगम में लाइसेंस, सीवरेज, नागरिक सुविधाओं एवं कथित भ्रष्टाचार के कारण जनता को बार-बार सरकारी कार्यालयों और जनसुनवाई के चक्कर लगाने पड़ने का आरोप लगाया।
रैली सुबह 11 बजे कृषि उपज मंडी से प्रारंभ हुई। सबसे आगे बैलगाड़ियां रहीं, जिनमें महिला कांग्रेस की पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भाजपा सरकार की नीतियों के विरोध में तख्तियां लेकर प्रदर्शन कर रही थीं। इसके पीछे ट्रैक्टर-ट्रॉलियां तथा हजारों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और आमजन पैदल शामिल हुए।
रैली सैलाना बस स्टैंड से शहर सराय, रानीजी का मंदिर, धानमंडी, गणेश देवरी, डालूमोदी बाजार, नाहरपुरा और कॉलेज रोड होते हुए पोलो ग्राउंड पहुंची। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर रैली का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया तथा भीषण गर्मी को देखते हुए पानी के पाउच वितरित किए गए।
पोलो ग्राउंड के बाहर पुलिस प्रशासन द्वारा बैरिकेडिंग की गई। कांग्रेस नेताओं ने बैरिकेड पार करने का प्रयास किया, जिसके बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकते हुए गिरफ्तार किया। इस दौरान शहर कांग्रेस अध्यक्ष शांतिलाल वर्मा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष हर्ष विजय गहलोत, पूर्व केंद्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया, पूर्व विधायक पारस सकलेचा, प्रदेश महिला कांग्रेस उपाध्यक्ष यासमीन शेरानी, जिला युवक कांग्रेस अध्यक्ष मयंक जाट तथा महिला कांग्रेस अध्यक्ष कुसुम चाहर सहित अन्य नेताओं ने बैरिकेड तोड़े। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन एवं नगर निगम के अमले ने फायर ब्रिगेड से पानी की बौछार की। हालांकि इस दौरान किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
ये रहे प्रमुख रूप से उपस्थित
रैली में शहर कांग्रेस अध्यक्ष शांतिलाल वर्मा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष हर्ष विजय गहलोत, पूर्व केंद्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया, पूर्व विधायक पारस सकलेचा, प्रदेश महिला कांग्रेस उपाध्यक्ष यासमीन शेरानी, जिला युवक कांग्रेस अध्यक्ष मयंक जाट, महिला कांग्रेस अध्यक्ष कुसुम चाहर, डी.पी. धाकड़, सतीश पुरोहित, राकेश झालानी, वीरेंद्र सिंह सोलंकी, नगर परिषद अध्यक्ष चैतन्य शुक्ला, महेंद्र कटारिया, मंसूर अली पटौदी, कोमल धुर्वे, पार्षद वाहिद शेरानी, नासिर कुरैशी, कमरुद्दीन कछवाया, सलीम बागवान, आशा रावत, कविता महावर, हिना शेख, वसीम शेरानी, राजीव रावत, प्रदीप राठौड़, हितेश पेमल, सैयद उसद जेदी, रामचंद्र धाकड़, अमर सिंह शेखावत, रजनीकांत व्यास, शैलेंद्र सिंह अठाना, शांतु गवली, मोहम्मद शेरानी, इक्का बेलूत, बसंत पड़्या, जोएब आरिफ, सुजीत उपाध्याय, नितेश शर्मा, विजय उपाध्याय, रमेश पोरवाल, वीर सिंह राठौड़, हसमतुल्लाह खान, महिंद्रा, हरविंदर सिंह नांद्रा, हिम्मत जेथवार, इकरार चौधरी, रशीद अंसारी, शाहिद सहित जिले के कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं शहर-ग्रामीण क्षेत्र के हजारों नागरिक उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments